Move to Jagran APP

कर्नाटक: दूषित पानी पीने से कई लोगों की तबीयत खराब, एक की मौत, 23 बच्चों समेत 62 लोग अस्पताल में भर्ती

कर्नाटक के रायचूर में दूषित पानी पीने के कारण कई लोगों की तबीयत खराब हो गई है। साथ ही एक महिला की मौत भी हुई है। 23 बच्चों समेत 62 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

By Manish NegiEdited By: Tue, 31 May 2022 03:50 PM (IST)
कर्नाटक: दूषित पानी पीने से कई लोगों की तबीयत खराब, एक की मौत, 23 बच्चों समेत 62 लोग अस्पताल में भर्ती
दूषित पानी पीने के बाद कई लोगों की तबीयत खराब (प्रतीकात्मक तस्वीर)

रायचूर, कर्नाटक (आइएएनएस)। कर्नाटक के रायचूर में दूषित पानी पीने से एक महिला की मौत हो गई है। इसके अलावा 62 लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें 23 बच्चे भी शामिल हैं। रायचूर आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के अधीक्षक डॉ भास्कर ने मंगलवार को कहा कि दूषित पानी पीने के बाद कई लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अधिकारियों ने बताया कि इंदिरा नगर निवासी मल्लम्मा (40) की 29 मई को मौत हो गई थी। इसके अलावा 31 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को इनकी संख्या बढ़कर 62 हो गई।

इस घटना के बाद इलाके के लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। शहर के लोगों ने साफ पीने के पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने में विफल रहने पर अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। स्थानीय लोगों ने यह भी दावा किया कि जिन वार्डों के लिए रामपुर जलाशय से पानी की आपूर्ति की गई थी, वहां लोग बीमार पड़ रहे हैं।

प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

हालांकि लोगों ने कहा कि राज्य सरकार ने स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि जिला प्रशासन भी उनकी अपील का जवाब नहीं दे रहा है।