Mukhtar Ansari Death : गाजीपुर में पिता और मां के बगल में दफन होगा मुख्तार, शाम 6 बजे तक शव पहुंचने की संभावना
करीब सवा चार सौ किमी से अधिक बांदा की दूरी होने के कारण शव शाम छह बजे के आस-पास पहुंचने की संभावना जताई गई है। सुबह डीएम आर्यका अखौरी व एसपी ओमवीर सिंह फाटक पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि यहां कम से कम भीड़ लगे। जो भी लोग आ रहे हैं उन्हें कुछ ही देर बाद वापस भेज दिया जाए।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर : मुख्तार अंसारी की मौत के बाद पैतृक कस्बा मुहम्मदाबाद में सन्नाटा पसरा है। शोक में शुक्रवार को कस्बे में दुकानें व बाजार बंद रहीं। मुख्तार अंसारी का शव शाम तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। गुरुवार की रात जैसे ही मुख्तार की तबीयत बिगड़ने के बाद बांदा के मेडिकल कालेज के अस्पताल में भर्ती कराने की सूचना मिली लोगों का हुजूम पैतृक आवास फाटक पर उमड़ पड़ा।
मौत की खबर सुनकर फाटक पर जमा भीड़
मौत के बाद कई बार भीड़ उग्र भी हुई। मुख्तार अंसारी के विधायक भतीजे सुहैब अंसारी के समझाने के बाद भी भीड़ अपने घर जाने को तैयार नहीं थी। एसपी व डीएम को देख भीड़ ने शोर मचाना शुरू किया, लेकिन समझाने के बाद लोग शांत हो गए। शुक्रवार की सुबह से ही लोगों के हुजूम से फाटक भरा पड़ा है।
शाम 6 बजे तक शव पहुंचने की संभावना
करीब सवा चार सौ किमी से अधिक बांदा की दूरी होने के कारण शव शाम छह बजे के आस-पास पहुंचने की संभावना जताई गई है। सुबह डीएम आर्यका अखौरी व एसपी ओमवीर सिंह फाटक पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि यहां कम से कम भीड़ लगे। जो भी लोग आ रहे हैं, उन्हें कुछ ही देर बाद वापस भेज दिया जाए।
पुलिस ने वाहनों को रोकने के लिए तहसील, केसरी मोड़, पावर हाउस रोड, फाटक के बगल में अंसारी स्कूल मार्ग पर बैरियर लगा दिया है। कस्बे में चप्पे- चप्पे पर फोर्स की तैनाती की गई है। मौत के बाद लोग सरकार को कोस रहे हैं, लेकिन खुलकर नहीं बोल रहे हैं। मुख्तार अंसारी के परिवार की कब्रिस्तान काली बाग में कब्र की खोदाई की जा रही है। मुख्तार की कब्र अपने पिता व मां के समीप होगी।