MPESB TET 2026: मध्य प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए नोटिफिकेशन जारी, रजिस्ट्रेशन 21 अगस्त से स्टार्ट
मध्य प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 21 अगस्त से शुरू हो जाएंगे। उम्मीदवार 04 सितंबर तक अपना फॉर्म भर सकेंगे।

MPESB Teacher Eligibility Test TET 2026: यहां देखें पूरी डिटेल।
HighLights
एमपी टीईटी के लिए आवेदन 21 अगस्त से शुरू।
04 सितंबर तक कर सकेंगे अप्लाई।
एजुकेशन डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार MPESB TET 2026 के लिए जल्द ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 21 अगस्त, 2026 से शुरू हो जाएंगे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 04 सितंबर, 2026 निर्धारित है। इसके साथ ही उम्मीदवारों को 21 अगस्त से लेकर 09 सितंबर, 2026 तक फॉर्म में सुधार करने का मौका दिया जाएगा।
कब होगी परीक्षा
शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन 12 अक्टूबर, 2026 को किया जाएगा। परीक्षा दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 12.30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से लेकर शाम 5.30 बजे तक आयोजित कराई जाएगी।
एमपी टीईटी परीक्षा का पैटर्न
मध्य प्रदेश टीईटी की परीक्षा में उम्मीदवारों से बाल विकास एवं शिक्षाशास्त्र, भाषा-1, भाषा-2, गणित और पर्यावरण अध्ययन विषय से 150 अंकों के 150 सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा 2.30 घंटे के लिए आयोजित कराई जाएगी। परीक्षा में गलत उत्तर के लिए नकारात्मक अंकन का प्रावधान नहीं किया गया है।
पास होने के लिए इतने अंक जरूरी
एमपी टीईटी की परीक्षा में पास होने के लिए जनरल कैटेगरी के उम्मीदवारों को 60 प्रतिशत अंक और एससी, एसटी, ओबीसी और ईब्ल्यूएस उम्मीदवारों को 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है।
इन स्टेप्स से कर सकेंगे अप्लाई
एमपी टीईटी परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने वाली है। उम्मीदवार यहां बताए गए निम्नलिखित स्टेप्स की मदद से अपना फॉर्म भर सकेंगे।
- आवेदन करने के लिए सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाकर विजिट करना होगा।
- वेबसाइट के होमपेज पर उम्मीदवारों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करना होगा।
- लिंक पर क्लिक करने के बाद मांगी गई सभी जरूरी डिटेल को दर्ज करना होगा।
- फॉर्म भरने के बाद जरूरी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी को अपलोड करना होगा।
- इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान करना होगा।
- फॉर्म भरने के बाद अंत में इसका एक प्रिंट आउट भी अवश्य निकाल लें।
