Motihari:वाह रे पुलिस! सिपाही को न्यायालय के बाथरूम में बंधक बनाकर फरार हो गए बंदी, नेपाली ड्रग तस्कर थे आरोपी
पूर्वी चंपारण में न्यायालय परिसर से गुरुवार को एक बार फिर दो नेपाली बंदियों ने सिपाही को बाथरूम में बंधक बनाकर फरार हो गए। दोनों फरार बंदी नेपाल के कलैया जिले के रहने वाले हैं। दोनों बंदियों को जिला जज के न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया था।
पूर्वी चंपारण, संवाद सहयोगी: पूर्वी चंपारण में न्यायालय परिसर से गुरुवार को एक बार फिर दो नेपाली बंदियों ने सिपाही को बाथरूम में बंधक बनाकर फरार हो गए। दोनों फरार बंदी नेपाल के कलैया जिले के रहने वाले हैं। दोनों बंदियों को जिला जज के न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया था।
न्यायालय ले जाने के दौरान जैसे ही सिपाही बाथरूम के अंदर गया, बंदियों ने बाथरूम में हथकड़ी लगा दी। सिपाही को बाथरूम में बंधक बनाने के बाद मौका पाकर दोनों फरार हो गये। पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि कैदियों के फरार होने के मामले की जांच सहायक पुलिस अधीक्षक श्री राज को सौंपा गया है। जांच के बाद दोषी सिपाहियों पर कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि 19 जनवरी 2023 को बंजरिया थाना पुलिस ने छह किलो चरस और बाइक के साथ अवधेश चौक के पास से दोनों बंदियों को गिरफ्तार किया था। दोनों मादक पदार्थ के धंधेबाज थे, जो देश के महानगरों में मादक पदार्थ की आपूर्ति करता था, जिसे 20 जनवरी को उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।
सिपाही शेख मोहम्म्द आलम दोनों बंदियों को जिला जज न्यायालय में पेशी के लिए ले जा रहा था। उसी दौरान दोनों बंदियों ने सिपाही को बंधक बनाकर भाग निकले हैं। दोनों बंदी के भागने के बाद पूरे न्यायालय परिसर को बंद कर जांच अभियान चलाया गया, लेकिन दोनों बंदी भाग निकले।
इस संबंध में नगर थाना में आवेदन दिया गया है, जिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। वही भागे हुए बंदियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। एसपी ने कहा कि दोषी पाए जाने वाले सिपाही को निलंबित किया जाएगा।