Move to Jagran APP

Mathura: द्वारकाधीश के दर्शन करके कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश धनगर ने किया नामांकन, हेमा मालिनी को देंगे टक्कर

Mathura Lok Sabha Seat गुरुवार सुबह मुकेश ने पार्टी नेताओं के साथ विश्राम घाट पर यमुना पूजन किया। इसके बाद द्वारकाधीश के दर्शन किए। उन्होंने डैंपियर नगर स्थित पार्क में अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कांग्रेस से मुकेश धनगर ने दो सेट जमा किए हैं। उन्होंने पार्टी की ओर से बी फार्म भी जमा करने का दावा किया है।

By Navneet Sharma Edited By: Swati Singh Published: Fri, 05 Apr 2024 02:12 PM (IST)Updated: Fri, 05 Apr 2024 02:12 PM (IST)
Mathura: द्वारकाधीश  के दर्शन करके कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश धनगर ने किया नामांकन, हेमा मालिनी को देंगे टक्कर
द्वारकाधीश के दर्शन करके कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश धनगर ने किया नामांकन

जागरण संवाददाता, मथुरा। लोकसभा चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन गुरुवार को आईएनडीआईए से कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश धनगर ने अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद कांग्रेस, सपा और आम आदमी पार्टी के नेताओं के साथ नामांकन पत्र जमा किया। कांग्रेस में गुटबाजी फिर दिखाई दी।

loksabha election banner

निकाय चुनाव की तरह ही कांग्रेसी नेता योगेश तालान ने पार्टी से टिकट न मिलने पर कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन कराया, लेकिन उन्होंने पार्टी का सिंबल जमा नहीं किया है। कांग्रेस ने काफी उहापोह के बीच बुधवार देर रात मुकेश धनगर को प्रत्याशी बनाया था।

द्वारकाधीश के दर्शन के बाद भरा नामांकन

गुरुवार सुबह मुकेश ने पार्टी नेताओं के साथ विश्राम घाट पर यमुना पूजन किया। इसके बाद द्वारकाधीश के दर्शन किए। उन्होंने डैंपियर नगर स्थित पार्क में अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कांग्रेस से मुकेश धनगर ने दो सेट जमा किए हैं। उन्होंने पार्टी की ओर से बी फार्म भी जमा करने का दावा किया है। मुकेश के साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा, सपा जिलाध्यक्ष अजित सिंह, आप के पूर्व जिलाध्यक्ष रवि भारद्वाज,कांग्रेस महानगर अध्यक्ष विक्रम बाल्मीकि, पूर्व विधायक राजकुमार रावत नामांकन के समय मौजूद रहे।

टिकट की रेस में थे योगेश तालान

उधर, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश पदाधिकारी योगेश तालान टिकट के दावेदारों में थे। लेकिन उन्हें टिकट नहीं दिया गया। एक दिन पहले ही उन्होंने नामांकन पत्र खरीद लिया। पार्टी से बगावत करते हुए उन्होंने भी पार्टी प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र जमा किया। लेकिन उन्होंने बी फार्म नहीं जमा किया।

मुकेश बोले, प्रवासी व ब्रजवासी की लड़ाई

कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश धनगर ने कहा कि अब लड़ाई प्रवासी और ब्रजवासी के बीच में होनी है। किसी भी दल के व्यक्ति यमुना पूजन करते हैं, लेकिन यमुना जल का आचमन नहीं करते हैं। यमुना जल पीकर यह संकल्प लिया है कि ब्रजवासी आशीर्वाद देते हैं तो घाट पर तब जाऊंगा, जब यमुना मैया अविरल हो जाएंगी।

नंगे पैर ब्रजवासी की सेवा करने से नहीं रहेंगे पीछे

मुकेश धनगर ने कहा कि किसान, मजदूर, सभी वर्ग की लड़ाई लड़ी जाएगी। नंगे पैर ही ब्रजवासी की सेवा करने के लिए जाने से पीछे नहीं रहेंगे। मुकेश धनगर ने कहा कि योगेश तालान नामांकन वापस लेंगे। रमेश चंद्र गर्ग, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, उमेश शर्मा, विपुल पाठक, प्रवीन ठाकुर, पुनीत बघेल, संतोष पाठक, सपा महानगर अध्यक्ष रितु गोयल मौजूद रहीं।

नहीं दिखे बड़े चेहरे

कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश धनगर के नामांकन में पार्टी के कुछ बड़े नेताओं ने किनारा किया। पार्टी के कई ब़ड़े चेहरे नजर नहीं आए। माना जा रहा है कि मुकेश को टिकट मिलने से ये बड़े नेता नाराज हैं। इनमें एक खुद टिकट की दावेदारी कर रहे थे।

मुकेश धनगर के पास हैं नकद एक लाख रुपये

कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश धनगर अन्य प्रत्याशियों के मुकाबले संपत्ति में कमजोर हैं। उनके पास नकद एक लाख रुपये हैं। इसके अलावा बैंक खाते में 13016 रुपये हैं। उनके पास 12 हजार रुपये कीमत की एक बाइक भी है। यह धनराशि उन्होंने अपने शपथ पत्र में दिखाई है। उनके पास गहने व शेयर नहीं हैं।

इन निर्दलीयों ने भी कराया नामांकन

गुरुवार को पिंकी, कमलकांत शर्मा, भानू प्रताप सिंह, क्षत्रपाल सिंह, मौनी फलाहारी बापू, शिखा शर्मा ने निर्दलीय नामांकन किया है। शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच का दिन है। आठ अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। आठ अप्रैल को चुनाव में प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो सकेगी।

चुनाव का उड़ा रहे मजाक

कांग्रेस से नामांकन करने वाले योगेश कुमार तालान ने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की आलोचना की। कहा कि चुनाव का मजाक उड़ा रहे हैं। वह नहीं देख रहे हैं कि किसे चुनाव लड़ा रहे हैं। भाजपा ने देश का नुकसान किया है, उस पार्टी से देश को बचाने की लड़ाई नहीं लड़ रहे हैं। समाज पार्टी का गठबंधन है हमारे साथ, दूसरी पार्टी का भी सम्मान नहीं रखा है। दो-दो पार्टी मिलकर चुनाव लड़ रही हैं और ऐसे प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारा जा रहा है, जिसका पड़ोसी भी पसंद नहीं करता है।

यह भी पढ़ें: हेमा माल‍िनी ने मथुरा लोकसभा सीट से दाखि‍ल क‍ि‍या नामांकन, कहा- जो काम मेरे दो कार्यकाल में नहीं हो सका, उसे पूरा करूंगी


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.