विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाबा बर्फानी के दरबार में गूंजी पहली आरती, LG सिन्हा बोले- 'यात्रा होगी सुरक्षित-यादगार, दोनों रूट से होगा संचालन'

By Digital Desk Edited By: Rahul Sharma
Published: Mon, 29 Jun 2026 12:00 PM (IST)Updated: Mon, 29 Jun 2026 02:11 PM (IST)

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा में प्रथम पूजा अर्चना कर अमरनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। ...और पढ़ें

HighLights

  1. उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अमरनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया।

  2. यात्रा 3 जुलाई से 28 अगस्त तक, पहलगाम-बालटाल मार्गों से।

  3. प्रशासन श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और यादगार यात्रा अनुभव देगा।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज सोमवार सुबह बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा में प्रथम पूजा अर्चना कर बाबा अमरनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बाबा बर्फानी से देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और कल्याण की कामना की।

उपराज्यपाल ने देशभर के श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आने का आह्वान करते हुए कहा कि 3 जुलाई से शुरू होने वाली यात्रा के सफल संचालन के लिए जम्मू-कश्मीर प्रशासन, श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड, सेना, पुलिस, सुरक्षा बल, स्थानीय समुदाय, सेवा प्रदाता और स्वयंसेवक पूरी समन्वय भावना के साथ कार्य कर रहे हैं। सभी का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और यादगार यात्रा अनुभव प्रदान करना है।

Amarnath yatra 2026

3 जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा 28 को होगी संपन्न

उन्होंने कहा कि इस वर्ष यात्रा मार्गों पर आधारभूत ढांचे को और मजबूत किया गया है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार किए गए हैं। जम्मू-कश्मीर के लोगों के सहयोग से प्रशासन यात्रा के लिए पूरी तरह तैयार है।

श्राइन बोर्ड की ओर से प्रतिवर्ष ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर पवित्र गुफा में प्रथम पूजा का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष 57 दिवसीय बाबा अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी। यात्रा पारंपरिक पहलगाम मार्ग और बालटाल मार्ग दोनों रास्तों से एक साथ संचालित की जाएगी।

Amarnath LG sinha

इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड मुख्य कार्यकारी अधिकारी मंदीप कुमार भंडारी, कश्मीर के डिवीजनल कमिश्नर अंशुल गर्ग, कश्मीर के आइजी पुलिस वीके बिरदी सहित प्रशासन और पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।