Move to Jagran APP

Kurukshetra: गांधी नगर में धड़ल्ले से चल रहा नशे का काला कारोबार, बढ़ रहीं हत्या की वारदात

शहर के गांधी नगर में धड़ल्‍ले से नशे का काला कारोबार चल रहा है। खुलेआम इंजेक्‍शन व हर तरह के नशीले पदार्थ बिक रहे हैं। वहीं हत्‍या की वारदातें भी बढ़ रही हैं। इतना सब होने के बाद भी पुलिस यहां कोई कार्रवाई नहीं करती।

By Jagran NewsEdited By: Himani SharmaFri, 03 Feb 2023 11:25 AM (IST)
Kurukshetra: गांधी नगर में धड़ल्ले से चल रहा नशे का काला कारोबार, बढ़ रहीं हत्या की वारदात
गांधी नगर में धड़ल्ले से चल रहा नशे का काला कारोबार, बढ़ रहीं हत्या की वारदात

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : शहर का गांधी नगर एरिया जहां पर हर तरह का अवैध नशा उपलब्ध है। सड़क के ऊपर ही खुलेआम एक दर्जन से अधिक घरों में दुकानें चल रही हैं जहां नशे के इंजेक्शन, स्मैक, चरस व गांजा बेचे जा रहे हैं। शराब के अवैध खुर्दे चल रहे हैं। पिछले वर्ष नवंबर और दिसंबर माह में इंजेक्शन के ओवरडोज के कारण तीन युवकों की मौत हो चुकी है। यहां तक कि कुछ समय के अंतराल पर एक ही स्थान पर तीन हत्याएं हो चुकी हैं।

Jhajjar News: गेस्ट हाउस में पुलिस का छापा, युवक युवती ने किया छत से कूदने का प्रयास

लड़ाई झगड़ा तो आए दिन होता रहता है। इतना सब होने के बाद भी पुलिस यहां कोई कार्रवाई नहीं करती। आए दिन यहां पर नशे के कारण घटनाएं होती हैं। यह तब है जब जिला पुलिस ने अवैध रूप से नशीला पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है।

मकान में चला रहे अवैध गतिविधियां 

नशीले पदार्थ का अवैध कारोबार करने वालों ने गांधी नगर में सड़क किनारे नाले पर कब्जा कर मकान बनाकर लंबे समय अवैध गतिविधियां चला रहे हैं। एक दर्जन से अधिक घरों में नशे के इंजेक्शन, स्मैक, चरस, गांजा व शराब बेचे जा रहे हैं। यह दुकानें सुबह चार बजे ही खुल जाती हैं और रात एक बजे तक चलती हैं। यहां की गलियों में सिरिंज और नशीली गोली के रैपर खुले में बिखरे हुए देखे जा सकते हैं।

इंजेक्शन से नशीले पदार्थ का ओवरडोज लेने के कारण पिछले वर्ष नवंबर में कुछ दिन के अंतराल में दो युवकों की मौत हो गई। दिसंबर माह में भी एक युवकों की मौत हो गई। तीनों ही युवकों की उम्र 25 वर्ष से कम थी। इसमें से एक युवक शादीशुदा था जिसके तीन बच्चे हैं। यहां पर आए दिन नशे में युवक वारदात को अंजाम देते हैं और एक दूसरे पर हमला करते हैं।

23 जनवरी 2019 को इसी स्थान पर नशा करने के बाद हुए झगड़े में गांधीनगर के युवक धर्मबीर की हत्या कर दी गई थी। पांच दिसंबर 2020 को श्याम कालोनी के राहुल की भी इसी स्थान पर हत्या की गई थी। इससे पूर्व पांच जनवरी 2020 गांधी नगर के राजकुमार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।

Rewari News: पूर्व बैंक मैनेजर के घर में सेंध लगा नकदी व जेवरात चोरी

इस हत्या के बाद कालोनी लोगों में आक्रोश बढ़ गया। हत्या के विरुद्ध शहर में कैंडल मार्च निकाला था। उस समय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए यहां पर अवैध नशीले पदार्थ का कारोबार बंद करा दिया था। लेकिन कुछ समय बाद फिर से अवैध कारोबार की दुकानें सज गईं।

नशे में युवक यहां से गुजरने वालों के साथ छेड़खानी करते हैं। महिलाओं और लड़कियों पर अभद्र टिप्पणी करते हैं। यदि किसी विरोध किया तो उनके साथ मारपीट करने पर उतर आते हैं। यह घटनाएं आए दिन होती हैं। कई बार तो नशेड़ी ईंट पत्थर बरसाने लगते हैं।

नोटिस के बाद भी कार्रवाई नहीं

कालोनी में नाली के ऊपर ही अवैध निर्माण कर रखा है। नगर परिषद कई बार नोटिस दे चुका है। पुलिस में केस भी दर्ज कराया गया है। बावजूद उन्होंने अवैध निर्माण नहीं हटाया।

नशीले पदार्थों की बिक्री व सप्लाई को रोकने के लिए तलाशी अभियान चल रहा है। शहर के गांधी नगर सहित अन्य बस्तियों में भी कार्रवाई की है। कुछ हद तक इनकी बिक्री पर अंकुश लगा है। जनता सहयोग करे तो नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण रूप से अंकुश लग सकता है। सूचना देने वाले का नाम-पता गुप्त रखा जाएगा। - सुरेंद्र सिंह भोरिया, पुलिस अधीक्षक