विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Ketan Death: अनहोनी या हत्या? केतन की मौत के बाद मंगेतर ने लिखा इमोशनल पोस्ट

Published: Tue, 23 Jun 2026 07:08 PM (IST)

केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले में संदिग्ध मौत के मामले में उनकी मंगेतर सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया गया है।

केतन अग्रवाल की मौत या हत्या?

केतन अग्रवाल की मौत या हत्या?

HighLights

  1. केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले में संदिग्ध मौत।

  2. मंगेतर सिया गोयल और प्रेमी चेतन चौधरी गिरफ्तार।

  3. पुलिस ने हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के पुणे के गहुंजे के रहने वाले और परिवार के रियल एस्टेट बिजनेस के डायरेक्टर 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की मौत के संदिग्ध मामले में कई एंगल पर जांच चल रही है।

केतन की मौत लोहगढ़ किले में लगभग 400 फीट गहरी खाई में गिरने से हुई थी। केतन यहां अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ घूमने गए थे, लेकिन ये ट्रिप उनकी आखिरी ट्रिप बन गई।

मंगेतर ने बताया कि पहाड़ी से पैर फिसलने से केतन खाई में गिर गया और उसकी मौत हो गई। लेकिन अब इस पूरे घटनाक्रम में केतन की मंगेतर सिया गोयल पर ही हत्या का आरोप लगा है।

सिया को बर्थडे पर आई केतन की याद

केतन अग्रवाल की मौत 18 जून को हुई थी। केतन की मौत पर सिया ने शोक व्यक्त करते हुए एक भावुक इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की। सिया ने केतन के साथ का एक वीडियो क्लिप शेयर किया और केतन की याद में कुछ लाइनें में लिखीं। स्टोरी में एक लाइन भी लिखी थी, 'मेरे दिल को पता है कि तू यहीं है। वापस आ जा।'

सिया गोयल की पोस्ट में लिखा था, 'तुमने मुझे मेरे जन्मदिन पर छोड़ दिया। तुम तब चले गए जब हम शादी के बहुत करीब थे। मुझे अभी भी समझ नहीं आ रहा कि तुमने मेरे साथ ऐसा क्यों किया।'

सिया ने आगे लिखा, 'मेरे पास सपने थे, ऐसे सवाल थे जिनके जवाब मुझे कभी नहीं मिलेंगे। जब मैं तुमसे इतना प्यार करती थी तो तुमने मुझे क्यों छोड़ दिया? तुम्हारी आत्मा को शांति मिले।'

इसमें एक वीडियो क्लिप शामिल थी जिसमें केतन कार की अगली सीट पर पीछे मुड़कर किसी से बात करते हुए दिखाई दे रहे थे और उसके बाद एक रोमांटिक गाने पर केतन और सिया को नाचते हुए दिखाया गया था। सिया की इसी स्टोरी का स्क्रीनशॉट अब जांच का हिस्सा बन गया है।

अनहोनी या हत्या?

केतन अग्रवाल की मौत के बाद मंगेतर सिया गोयल ने लोनावाला ग्रामीण पुलिस को बताया था कि तेज हवाओं के बीच पहाड़ी किले पर घूमने के दौरान वे फिसलकर गिर गए थे। आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

पुणे ग्रामीण पुलिस ने जब जांच की तो कई बातें सामने आईं। पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने कहा कि परिस्थितियां संदिग्ध लग रही थीं, जिसके कारण जांचकर्ताओं ने कई पहलुओं की जांच की है।

पुलिस को पता चला कि केतन का सिया के साथ रिश्ता था और दोनों की शादी इसी साल नवंबर महीने में होने वाली थी। दोनों परिवारों ने शादी की रस्मों के लिए राजस्थान के खूबसूरत शहर उदयपुर में एक महल बुक करने समेत कई बड़ी तैयारियां कर ली थीं।

जांच में सिया गोयल पर आरोप लगा है कि उसका पुणे के कोंढवा इलाके में रहने वाले 22 साल के चेतन चौधरी के साथ भी रिश्ता था। पुलिस के मुताबिक, चेतन को सिया और केतन अग्रवाल का रिश्ता पसंद नहीं था। आरोप है कि चेतन और सिया ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

सिया पर आरोप है कि केतन को घूमने-फिरने के बहाने लोहागढ़ किले में बुलाया। बाद में चेतन को भी वहां आया। इसके बाद दोनों ने मिलकर केतन को पीछे से खाई में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। अधिकारियों का कहना है कि इस घटना को ऐसे दिखाया गया जैसे यह कोई हादसा हो।

मंगलवार को पुणे ग्रामीण पुलिस ने चेतन और सिया, दोनों को गिरफ्तार कर लिया। केतन के पिता विशाल अग्रवाल की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें- 'शव देखकर सिया के चेहरे पर नहीं थी कोई शिकन', केतन अग्रवाल के पिता का फूटा गुस्सा; बताया कैसे हुआ शक?