आनलाइन गेम में छह लाख रुपये हारने के बाद छापने लगे नकली नोट, कानपुर पुलिस के हत्थे चढ़े किशोर और युवक
कानपुर आउटर पुलिस ने नकली नोट छापने वाले किशोर और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। आनलाइन गेम में छह लाख रुपये हारने के बाद किशोर ने नकली नोट छापना शुरू किया और दीवाली पर बाजार में नोट खपाने की तैयारी थी।
कानपुर, जागरण संवाददाता। कानपुर कमिश्नरेट में आउटर पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले एक किशोर और एक युवक को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक प्रिंटिंग मशीन और 42000 के नकली नोट भी बरामद किए हैं। दोनों बर्रा में किराए का कमरा लेकर 100 रुपये के नकली नोट बनाते थे और दीवाली के त्योहार पर बड़ी मात्रा में नकली नोट खपाने की तैयारी थी।
किराये का कमरा लेकर बना रहे थे नकली नोट
कानपुर आउटर एसपी तेज स्वरूप सिंह ने बताया कि ईडब्ल्यूएस वरुण बिहार बर्रा-8 निवासी विभू यादव और एक किशोर को गिरफ्तार किया गया है, जो नकली नोट बनाने में संलिप्त थे। दोनों ने बर्रा में किराये का कमरा लिया था, जहां नकली नोट बनाते थे। पूछताछ में दोनों ने अबतक तीन लाख के नोट बनाकर खपाने की जानकारी दी है। उनके पास से एक प्रिंटिंग मशीन और 4200 के नकली नोट भी बरामद किए गए हैं।
दीवाली में बड़ी मात्रा में नोट खपाने की थी तैयारी
एसपी आउटर ने बताया कि दोनों तीन महीने से नकली नोट छापने का काम कर रहे थे। आसानी से पकड़ में न आएं इसलिए वे 100 रुपये के ही नकली छाप रहे थे। उन्होंने दीवाली का त्योहार नजदीक आते देखकर नकली नोट बाजार में खपाने की तैयार की जानकारी दी है। इस काम में उनके साथ शामिल साथियों के बारे में पता किया जा रहा है।
हाईस्कूल फेल किशोर निकला सरगना
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार एक आरोपित हाईस्कूल फेल है। वह ऑनलाइन गेम में छह लाख रुपये हार गया था, इसके बाद उसने साथी के साथ मिलकर नकली नोट बनाने का काम शुरू किया था।दिवाली के त्योहार में बड़ी मात्रा में नकली नोट आसपास के जनपदों में खपाने की साजिश रची थी। उसका साथी विभू यादव भी छात्र है और उसने उन्नाव में पॉलीटेक्निक में एडमिशन लिया था।