Move to Jagran APP

Jhansi News: महिला से छेड़खानी कर रहे युवक को रातभर ट्रैक्टर से बांधकर पीटा, सुबह हो गई मौत; पुलिस कर रही जांच

पीड़िता ने बताया कि सुबह लगभग 5 बजे एक सुरक्षाकर्मी और आया। उसने युवक के साथ यह कहते हुए फिर मारपीट कर दी कि यदि मर गया तो यहीं दफना देंगे। उसकी मारपीट के आधा घण्टे बाद ही युवक की मौत हो गई। इससे सभी मजदूर घबरा गए। सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें पुलिस चौकी भेज दिया। पुलिस आई और हमारे परिवार के लोगों को पकड़कर ले गई है।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Published: Fri, 12 Apr 2024 12:56 AM (IST)Updated: Fri, 12 Apr 2024 12:56 AM (IST)
Jhansi News: महिला से छेड़खानी कर रहे युवक को रातभर ट्रैक्टर से बांधकर पीटा, सुबह हो गई मौत; पुलिस कर रही जांच
Jhansi News: महिला से छेड़खानी कर रहे युवक को रातभर ट्रैक्टर से बांधकर पीटा।

जागरण संवाददाता, झांसी। बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय परिसर में निर्माण कार्य के चलते वहां कुछ मजदूर परिवार झोपड़ी बनाकर रहते हैं। आधी रात में एक नशेड़ी युवक आया और मजदूर महिला के साथ छेड़खानी करने लगा। शोर होने पर महिला का पति व आसपास रहने वाले रिश्तेदार जाग गए और सभी ने युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। 

loksabha election banner

सूचना मिलने पर आए विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मियों ने भी ट्रैक्टर से बांध कर उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। सुबह उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस ने सुरक्षा कर्मी की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया और 7 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

यह है पूरा मामला 

मध्य प्रदेश के पन्ना जिला की रहने वाली दो सगी बहनें अपने पतियों के साथ मजदूरी करती हैं। वर्तमान में दोनों बहनें अपने परिवार के साथ बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे निर्माण कार्य में मजदूरी कर रही हैं। परिसर में ही उन्होंने व अन्य मजदूरों ने झोपड़ियां बना ली हैं। रात में सभी वहीं सो जाते हैं। 

बुधवार-गुरुवार की रात एक बहन अपने पति के साथ वहां बने चबूतरे पर सो रही थी। रात को लगभग 2 बजे एक युवक नशे में आया और उसका हाथ पकड़कर खींचने लगा। वह चीखी तो पति जाग गया। पति के जागते ही युवक ने भागने की कोशिश की, मगर उसके पति ने दौड़कर पकड़ लिया और मारपीट करते हुए उसे चबूतरे के पास ले आया। 

तब तक शोर सुनकर उसकी बहन व बहनोई भी जाग गए और अन्य मजदूर भी आ गए। सभी ने मिलकर उस युवक की पिटाई कर दी। इसके बाद उसे वहाँ खड़े ट्रैक्टर व उसके पहिया के सहारे रस्सी से बाँध दिया। 

महिला ने बताया कि आरोपी युवक को पकड़कर हम लोग सुरक्षा कर्मियों के पास ले गए थे और उन्हें पूरी घटना बताई। इस पर सुरक्षा कर्मियों ने भी उस युवक को पीटा। सुरक्षा कर्मियों ने युवक को सुबह पुलिस के पास ले जाने की बात कही। सुबह होने पर महिलाएं खाना बनाने लगीं, क्योंकि उन्हें जल्दी मजदूरी पर जाना पड़ता है। 

पीड़िता ने बताया कि सुबह लगभग 5 बजे एक सुरक्षाकर्मी और आया। उसने युवक के साथ यह कहते हुए फिर मारपीट कर दी कि यदि मर गया तो यहीं दफना देंगे। उसकी मारपीट के आधा घण्टे बाद ही युवक की मौत हो गई। इससे सभी मजदूर घबरा गए। सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें पुलिस चौकी भेज दिया। पुलिस आई और हमारे परिवार के लोगों को पकड़कर ले गई है।

आरोपी युवक को नहीं पहचानती हैं बहनें

दोनों मजदूर बहनों का कहना है कि आरोपी युवक कौन था, वह नहीं जानती और न ही उन्होंने कभी वहाँ उसे देखा है। वह अपने पतियों के साथ यहां मजदूरी करती हैं। दिन भर मेहनत-मजदूरी करने के बाद रात में सभी झोपड़ियों के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान युवक आया और हाथ पकड़कर खींचने लगा। शोर होने पर सब जाग गए और उसकी मारपीट कर दी। 

सुरक्षा कर्मियों की भूमिका भी संदिग्ध

घटना की जानकारी होने के बावजूद सुरक्षा कर्मियों ने रात में पुलिस को सूचना नहीं दी और मजदूरों को भी सुबह तक सूचना देने के लिए रोककर रखा। महिला के अनुसार सुबह पहुंचे एक सुरक्षाकर्मी ने भी उस बंधे हुए युवक से मारपीट की, जिसके आधा घंटे बाद युवक की मौत हो गई। 

गार्ड की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा 

नवाबाद पुलिस ने विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मी रामकिशोर की तहरीर पर भगवानदास, नेता, हीरालाल और अज्ञात लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। 

पुलिस का कहना है कि युवक की उम्र लगभग 23-24 वर्ष है। उसके शरीर पर सफेद रंग की हाफ टी-शर्ट एवं नीली जींस पैंट है। उसकी जेब से कुछ ऐसा नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। देखने में युवक कचरा उठाने वाला लग रहा है। उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम हाउस में रख दिया गया है। 

बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय परिसर में झोपड़ी बनाकर रह रहे मजदूरों में एक महिला के साथ छेड़खानी करने पर उसके परिजनों व सुरक्षाकर्मियों ने एक युवक से मारपीट की है। इससे उसकी मौत हो गई। युवक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुकदमा दर्ज कर संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

-ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, एसपी सिटी, झांसी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.