Move to Jagran APP

Jhanda Ji Mela: देहरादून में झंडेजी का हुआ आरोहण, साक्षी बने लाखों श्रद्धालु

Jhanda Ji Mela ऐतिहासिक झंडा मेला श्री गुरु राम राय दरबार साहिब में 86 फीट ऊंचे व 30 इंच मोटाई झंडेजी के आरोहण के साथ आज से शुरू हो गया। होली के पांचवें दिन चैत्र मास के कृष्ण पंचमी को दरबार साहिब में झंडेजी के आरोहण के साथ मेला शुरू हो जाता है। जिसमें देश विदेश की काफी संख्या में सगत पहुंचती है।

By Sumit kumar Edited By: Nirmala Bohra Published: Sat, 30 Mar 2024 07:53 AM (IST)Updated: Sat, 30 Mar 2024 07:53 AM (IST)
Jhanda Ji Mela: देहरादून में झंडेजी का हुआ आरोहण, साक्षी बने लाखों श्रद्धालु
Jhanda Ji Mela: दून में झंडेजी के आरोहण के साथ झंडा मेला शुरू

जागरण संवाददाता, देहरादून: Jhanda Ji Mela: श्री गुरु राम राय दरबार साहिब परिसर मेें ऐतिहासिक झंडा मेला शनिवार को झंडेजी जी के आरोहण के साथ शुरू हो गया। उत्तराखंड के अलावा दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा आदि राज्यों व विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालु इस अविस्मरणीय क्षण के साक्षी बने।

loksabha election banner

दोपहर चार बजकर 25 मिनट पर सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज के दिशा-निर्देशन में 86 फीट ऊंचे व 30 इंच मोटाई झंडेजी का आरोहण हुआ। इसके साथ ही पूरा वातावरण गुरु महाराज व झंडेजी के जयकारों से गूंज उठा। संगतें ढोल की थाप पर नृत्य करने लगीं। कई श्रद्धालुओं की आंखें भी नम हो गईं।

वहीं, बाहर से आई कुछ संगतें श्रीझंडे जी का आरोहण संपन्न होने के बाद शाम को ही दरबार साहिब में माथा टेक अपने शहरों के लिए रवाना होंगी। सोमवार को दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज की अगुआई में नगर परिक्रमा निकाली जाएगी। इसके लिए श्री दरबार साहिब, श्रीझंडा जी मेला आयोजन समिति ने तैयारी पूरी कर ली है।

झंडा मेला व वीकेंड पर शहर जाम, हर तरफ वाहनों की कतार

झंडा मेला व वीकेंड को लेकर शनिवार को सुबह ही शहर जाम हो गया। जगह-जगह वाहनों की कतारें लग गई, जिसके कारण वाहन चालकों को एक चौराहे से दूसरे चौराहे तक पहुंचने में आधा से पौने घंटे का समय लग गया।

झंडा मेले को लेकर बाहरी राज्यों से भारी संख्या में संगत देहरादून पहुंची हैं। इसके साथ ही तीन दिन की छुट्टी होने के चलते पर्यटक मसूरी व ऋषिकेश की तरफ आ रहे हैं, जिसके कारण शनिवार को सुबह से ही शहर में जाम की स्थिति बन गई। दूसरी ओर शहर में जगह-जगह खोदाई होने के चलते और भी स्थिति विकराल हो गई।

निरंजनपुर सब्जी मंडी चौक के आसपास अवैध तरीके से सड़क किनारे लगी रेहड़ी व वाहनों के चलते सुबह ही जाम की स्थिति बन गई। पुलिस निरंजनपुर सब्जी मंडी में तैनात रही, लेकिन पीछे से लगे जाम को हटाने के लिए कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई, जिसके कारण आइएसबीटी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जाम का असर जीएमसए रोड पर भी देखने को मिला। दूसरी ओर मातावाला बाग से रेलवे स्टेशन के निकट तक जगह-जगह खोदाई होने के चलते पूरा जाम लग गया।

17 अप्रैल रामनवमी तक चलेगा मेला

होली के पांचवें दिन चैत्र मास के कृष्ण पंचमी को दरबार साहिब में झंडेजी के आरोहण के साथ मेला शुरू हो जाता है। जिसमें देश विदेश की काफी संख्या में सगत पहुंचती है। इस बार 17 अप्रैल रामनवमी तक मेला चलेगा। शुक्रवार को उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश से अधिकांश संगत दरबार साहिब पहुंची। श्री झंडा जी मेला आयोजन समिति की ओर से देर शाम तक सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। दरबार साहिब परिसर में दुकानें भी सज चुकी हैं।

आज नित्य पूजा-क्रम के बाद दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने संगतों को दर्शन देकर उन्हें गुरु महाराज के बताए रास्ते पर चलने का संदेश दिया। श्री झंडा जी मेला आयोजन समिति के सह व्यवस्थापक विजय गुलाटी ने बताया कि इस ग्राम अहराणा कला, जिला होशियारपुर पंजाब के हरभजन सिंह के परिवार ने दर्शनी गिलाफ चढ़ाया। 108 वर्ष पूर्व उनके स्वजन ने यह बुकिंग कराई थी।

वहीं झंडेजी के आरोहण की पूर्व संध्या पर शनिवार को पूरब की संगत को पगड़ी, ताबीज व प्रसाद वितरित विदाई दी गई। वहीं झंडेजी के आरोहण के सजीव प्रसारण के लिए विभिन्न जगहों पर पांच एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। दरबार साहिब के यू्ट्यूब पर फेसबुक पर भी सीधा प्रसारण होगा। वहीं, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के ब्लड बैंक की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिवर में 75 यूनिट रक्तदान हुआ।

गुरु महाराज के जयकारों से गूंजा दरबार परिसर

शनिवार को दिनभर श्री गुरु राम राय जी महाराज व श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज के जयकारों से दरबार परिसर गूंज उठा। संगत ने ढोल की थाप पर नृत्य कर भजन गाए। इसके अलावा संगत ने श्री गुरु राम राय महाराज के शबद का सिमरन किया व गुरु महिमा के महत्व को जाना।

प्राकृतिक रंगों से सजी दीवार, दूधिया रोशनी से नहाया दरबार

दरबार साहिब के द्वार व अन्य दीवारों पर बनाई कलाकृतियों को प्राकृतिक रंगों से सजाया गया है। जो दिखने में खास है। इसके अलावा दरबार साहिब को झालर व लडिय़ों से सजाया गया है। देर शाम को पूरा दरबार परिसर दूधिया रोशनी से नहाता नजर आया। दरबार साहिब परिसर में स्थित पवित्र सरोवर जीर्णोद्धार के बाद बेहद आकर्षण का केंद्र बना है।

एक अप्रैल को होगी नगर परिक्रमा

मेला आयोजन समिति व सह व्यवस्थापक विजय गुलाटी ने बताया कि आज झंडेजी के आरोहण के बाद रविवार को दिनभर संगत का दरबार साहिब में माथा टेकने का क्रम जारी रहेगा। तीसरे दिन यानी सोमवार को दरबार साहिब के सज्जादानशीन देवेन्द्र दास महाराज की अगुआई में दरबार साहिब परिसर से सुबह साढ़े सात बजे से नगर प्ररिक्रमा शुरू होगी। विभिन्न जगहों पर संगत को पुष्पवर्षा कर स्वगात किया जाएगा व प्रसाद के विभिन्न स्टाल लगाए जाएंगे।

लोक कल्याण के लिए स्थापित किया था विशाल ध्वज

सिखों के सातवें गुरु श्री गुरु हरराय के बड़े पुत्र श्री गुरु राम राय महाराज ने वर्ष 1676 में दून में डेरा डाला था। उन्हें ही देहरादून का संस्थापक माना जाता है। उनका जन्म वर्ष 1646 में पंजाब के होशियारपुर जिले के कीरतपुर में होली के पांचवें दिन (चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की पंचमी को) हुआ था। इसीलिए दरबार साहिब में हर साल इस दिन झंडेजी के आरोहण के साथ मेला लगता है। श्री गुरु राम राय ने ही लोक कल्याण के लिए यहां विशाल ध्वज (झंडेजी) को स्थापित किया था।

जैविक उत्पादों के स्टाल पर खरीदारी

दरबार साहिब में श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के छात्रों ने जैविक उत्पादों के स्टाल लगाए गए हैैं। इसमें संगतों ने खूब खरीदारी की। संगतों की सेवा के लिए श्रीमहंत इन्दिरेश अस्पताल की चिकित्सकों की टीम भी तैनात है। श्रीमहंत इन्दिरेश अस्पताल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र रतूड़ी ने बताया कि रोगियों को निश्शुल्क दवा दी जा रही है। किसी भी तरह की घटना के लिए एंबुलेंस 24 घंटे उपलब्ध है।

दरबार साहिब में सज गई दुकानें

झंडा मेला के लिए दरबार साहिब परिसर में 200 से अधिक दुकानें सज गई हैैं। इनमें प्रमुख रूप से कास्मेटिक, पूजा का सामान, क्राकरी, गिफ्ट आइटम, खिलौने, खाने-पीने की दुकानें शामिल हैैं। इसके अलावा दर्शनी गेट के पास विभिन्न तरह के झूले लगाए गए हैं।

भंडारे की व्यवस्था को लगने लगे काउंटर

श्री झंडा जी मेला आयोजन समिति की ओर से दरबार साहिब में भव्य लंगर की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों की ओर से भी सहारनपुर चौक से लेकर दर्शनी गेट परिसर, तिलक रोड आदि जगहों पर भंडारे के लिए जगह जगह काउंटर सजाए जा रहे हैं।

श्रीमहंत ने समझाया गुरु महिमा का महत्व

मेले की पूर्व संध्या पर दरबार साहिब के सज्जादानशीन देवेन्द्र दास महाराज ने दरबार साहिब परिसर में संगत को दर्शन व आशीर्वाद दिए। उन्होंने गुरु महिमा का महत्व समझाया। कहा कि जो व्यक्ति गुरु के बताए मार्ग पर चलता है उसे पृथ्वी पर ही स्वर्ग की अनुभूति प्राप्त होती है। संगत ने गुरुमंत्र को आत्मसात कर आशीर्वाद प्राप्त किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.