विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ई-रिक्शा को बीच सड़क रोकने वाले 3 चीनी App समेत 7 पर बैन, केंद्र सरकार ने Google और Apple को भेजा नोटिस

Published: Fri, 03 Jul 2026 08:10 PM (IST)Updated: Fri, 03 Jul 2026 08:59 PM (IST)

केंद्र सरकार ने Google और Apple को सात बैटरी मैनेजमेंट एप्स को एप स्टोर से हटाने का निर्देश दिया है। ...और पढ़ें

7 चीनी एप पर रोक (AI जेनरेटेड फोटो)

7 चीनी एप पर रोक (AI जेनरेटेड फोटो)

HighLights

  1. केंद्र सरकार ने Google और Apple को नोटिस जारी किया।

  2. सात बैटरी मैनेजमेंट एप्स हटाने का सख्त निर्देश दिया गया।

  3. ई-रिक्शा की बैटरी दूर से बंद करने का दुरुपयोग हो रहा था।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने आज शुक्रवार को Google Android और Apple iOS को नोटिस जारी किया है। इस नोटिस में सरकार ने एप स्टोर से सात बैटरी मैनेजमेंट एप्स हटाने का निर्देश दिया है।

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को इन एप्स लेकर चिंता थी कि इनका इस्तेमाल ई-रिक्शा और अन्य इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरी को दूर से बंद करने के लिए गलत तरीके से किया जा रहा था।

7 चीनी एप पर रोक

केंद्र सरकार का यह कदम Google और Apple को तीन चीनी बैटरी मैनेजमेंट एप्स BAT-BMS, Lossigy और Epoch-i-ion को हटाने का आदेश देने के बाद उठाया गया है। 

अधिकारियों का कहना है कि इन एप्स का इस्तेमाल ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के जरिए बैटरी से चलने वाले वाहनों को बंद करने के लिए किया जा रहा था।

सरकार का ये आदेश ई-रिक्शा को दूर से बंद किए जाने और ड्राइवरों के फंसने की घटनाओं की रिपोर्ट और वायरल वीडियो सामने आने के बाद दिए गए थे।

सरकार ने दी चेतावनी

सरकार ने चेतावनी दी है कि बैटरी से चलने वाले वाहनों में दूर से छेड़छाड़ करने में मदद करने वाले किसी भी एप के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले, MeitY के सचिव एस. कृष्णन ने पुष्टि की थी कि यह मामला सरकार के संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि ऐसे दो एप्स को पहले ही एप स्टोर से हटाया जा चुका है और सरकार एप प्लेटफॉर्म के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करेगी कि संभावित रूप से हानिकारक एप्स आम जनता के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध न हों।

अधिकारियों ने बताया कि बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) एप को बैटरी के पैरामीटर जैसे वोल्टेज, करंट, चार्जिंग स्टेटस और तापमान की निगरानी के लिए बनाया गया है।

अधिकारियों ने आगे कहा कि  कम सुरक्षा वाले बैटरी सिस्टम में, इसी इंटरफेस का इस्तेमाल पावर आउटपुट को कंट्रोल करने और दूर से ही बैटरी डिस्चार्ज को रोकने के लिए किया जा सकता है।

इस मामले में अधिकारियों का कहना है कि यह जोखिम उन सस्ते बैटरी पैक में ज्यादा होता है जिनमें बिना पासवर्ड प्रोटेक्शन या सही ऑथेंटिकेशन के ब्लूटूथ एक्सेस की सुविधा होती है।

ई-रिक्शा पर कंट्रोल कर रहे थे एप्स

इन चीनी एप के इस्तेमाल ने ई-रिक्शा चालकों के बीच चिंता पैदा कर दी है। ई-रिक्शा चालक जो कई किराए के वाहन चलाते हैं और अपनी रोज की कमाई पर निर्भर रहते हैं, उनके लिए ये एप सिरदर्द बन गए थे।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में वाहनों को दूर से ही बंद (डिसेबल) होते देखा गया, जिससे चालक फंस गए और कई घंटों तक अपना काम जारी नहीं रख पाए।

सरकार ने कहा है कि इस मामले पर कड़ी नजर रखी जा रही है और इसी तरह के अन्य एप्स की भी जांच की जा रही है। MeitY ने एप प्लेटफॉर्म से यह भी कहा है कि वे कनेक्टेड-डिवाइस एप्स के लिए जरूरी जांच-पड़ताल को मजबूत करें, क्योंकि इनसे सार्वजनिक सुरक्षा पर असर पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें- Instagram पर बच्चों के शोषण से जुड़े विज्ञापनों पर सरकार का एक्शन, Meta को भेजा समन