आंध्र प्रदेश से लौटे दो युवकों की बिगड़ी तबीयत, घर पहुंचने के कुछ घंटों में ही हाे गई मौत; ठेकेदार पर आरोप
कोरांव थाना के पैतिहा गांव निवासी दो युवकों की मौत हो गई। इससे कोहराम मच गया। विष्णु आदिवासी 18 वर्ष व छोटू 19 वर्ष आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में एक मोबाइल टावर कंपनी में काम करने गए थे। उन्हें पड़ोस के छापर गांव का रहने वाला नूर हसन काम दिलाने के बहाने ले गया था। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
संवाद सूत्र, प्रयागराज। कोरांव थाना के पैतिहा गांव निवासी दो युवकों की मौत हो गई। इससे कोहराम मच गया। विष्णु आदिवासी 18 वर्ष व छोटू 19 वर्ष आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में एक मोबाइल टावर कंपनी में काम करने गए थे। उन्हें पड़ोस के छापर गांव का रहने वाला नूर हसन काम दिलाने के बहाने ले गया था।
तबीयत खराब होने पर दोनों को 22 मार्च को गांव का ही युवक पंकज साथ लेकर घर वापस लौटा। घर आने के बाद दोनों युवकों में से विष्णु की बुधवार की भोर तीन बजे मौत हो गई। इसके कुछ ही घंटे बाद छोटू की भी मौत हो गई।
मृतक विष्णु की मां फुलवारी देवी व छोटू की मां सुमारी देवी ने बताया कि उनके बेटों ने कुछ दिन पूर्व फोन करके यह बताया था कि उनको खाने के लिए केवल बिस्कुट दिया जाता है। साथ ही काम न करने पर मारा पीटा जाता है।
छोटू के चाचा संतोष ने बताया कि मारने पीटने से अंदरूनी चोट आई थी, जिससे दोनों की मौत हो गई। एसीपी मेजा रवि कुमार गुप्ता के मुताबिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।