बकरी के बच्चों को लेकर शुरू हुआ झगड़ा, खून-खराबे तक पहुंचा; घर में घुसकर पड़ोसियों ने नौ लोगों पर किया जानलेवा हमला
बकरी के बच्चों को लेकर हुई कहासुनी के बाद कुछ आरोपित होने थाना देहात क्षेत्र के एक गांव के घर में घुसकर एक व्यक्ति व उसके स्वजन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पीड़ित पक्ष के नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने 12 नामजद आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
केशव त्यागी, हापुड़। बकरी के बच्चों को लेकर हुई कहासुनी के बाद कुछ आरोपित होने थाना देहात क्षेत्र के एक गांव के घर में घुसकर एक व्यक्ति व उसके स्वजन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पीड़ित पक्ष के नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने 12 नामजद आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।
छोटी सी बात का बन गया बखेड़ा
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में थाना देहात क्षेत्र के गांव गोंदी के गुफरान ने बताया कि 28 मार्च की शाम सात बजे उसका बेटा सरताज मस्जिद में नमाज पढ़कर घर पर आया था। इसी बीच पीड़ित व मुस्लिम पक्ष की महिलाओं में बकरी के बच्चों को लेकर कहासुनी हो गई।
इस बात को लेकर मुस्लिम व उसके पक्ष के शादाब, सनव्वर, महबूब, वाहिद, सलीम, समी, रियाजुल, जवाल, सगीर, कलवा और नोफिल लाठी-डंडे व धारदार हथियारों से लैस होकर मौके पर आ गए।
आरोपितों ने घर में घुसकर सरताज व उसके स्वजन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सिर में गंभीर चोट लगने से शहनाज बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। उसके अलावा सरताज, आसिफ, समा, परवीन, जलीस, शाह आलम और हाशिम भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
आरोपितों ने सरताज के घर पर पथराव भी किया
विवाद होता देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इस पर आरोपितों ने सरताज के घर पर पथराव कर दिया और हत्या की धमकी देकर फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां घायलों का उपचार चल रहा है।
मामले में पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना देहात प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में 12 नामजद आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।