यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 30, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jhansi News: झांसी की सड़कों पर दौड़ेगी इलेक्ट्रिक रोडवेज बस, साधारण बस की तुलना में किराया भी होगा कम
उत्तर प्रदेश में बसों से यात्रा करने वालों को सुगम आवागमन की सुविधा के साथ ही पर्यावरण संरक्षण को लेकर ...और पढ़ें

झांसी, जागरण टीम: उत्तर प्रदेश में बसों से यात्रा करने वालों को सुगम आवागमन की सुविधा के साथ ही पर्यावरण संरक्षण को लेकर योगी सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों के संचालन पर जोर दे रही है। नगरीय क्षेत्रों में नगर विकास विभाग के जरिए पहले ही इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही है। इसके बाद प्रदेश सरकार ने परिवहन विभाग के माध्यम से भी चुनिन्दा रूट पर इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का फैसला लिया है।
इलेक्ट्रिक बसों में कम होंगे किराए
इन इलेक्ट्रिक बस में यात्रियों को बेहतरीन व सस्ती परिवहन सेवा उपलब्ध होगी। अभी तक एसी बस के लिए 2x2 सीटिंग व्यवस्था स्वीकृत थी। अब अनुबन्धित होने वाली नई बसों में 3x2 सीटिंग व्यवस्था की जाएगी। 3x2 सीटिंग व्यवस्था वाली बस का किराया 1.63 रुपए प्रति किलोमीटर होगा, जबकि 2x2 सीटिंग व्यवस्था वाली बसों का 1.93 रुपए प्रति किलोमीटर होगा यानी, लोगों को सस्ती एसी बस सेवा उपलब्ध हो सकेगी।
झांसी रोडवेज सेवा प्रबन्धक/ प्रभारी क्षेत्रीय प्रबन्धक संतोष कुमार ने कहा ‘पायलट प्रोजेक्ट के तहत मेट्रो सिटी में रोडवेज की इन इलेक्ट्रिक बस के संचालन का प्रस्ताव मुख्यालय द्वारा दिया गया है। फिलहाल झांसी में अभी इस सम्बन्ध में दिशा-निर्देश नहीं आए हैं। प्रदेश के प्रमुख शहरों में शामिल झांसी में भी इस प्रकार की बस जल्द शुरू करने की बात मुख्यालय स्तर पर चल रही है। इसके लिए नई बस का अनुबन्ध किया जाएगा।’
झांसी सहित अन्य जिलों में भी जल्द होगी शुरुआत
परिवहन निगम की शुरुआत में बैटरी से संचालित होने वाली लगभग 100 इलेक्ट्रिक बस को लखनऊ व गाजियाबाद में चुनिन्दा मार्गों पर चलाने की योजना है। प्रथम चरण में यह बस पायलट प्रोजेक्ट के तहत चलाई जाएंगी। कुछ समय बाद इन्हें झांसी समेत अन्य जिलों में भी संचालित किया जाएगा।
