देहरादून के लालतप्पड़ में बस-एसयूवी भिड़ंत: कार चालक की मौत, दो घायल NHAI पर उठे सवाेल
हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर लालतप्पड़ में बस और महिंद्रा एसयूवी की भीषण टक्कर में कार चालक की मौत हो गई और ...और पढ़ें

फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, जागरण डोईवाल (हरिद्वार)। हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालतप्पड़ क्षेत्र में रविवार को निजी कंपनी की बस और महिंद्रा एसयूवी कार की आमने-सामने की टक्कर में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार दो अन्य लोग घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया। इसी मार्ग पर दो अन्य सड़क दुर्घटनाएं भी हुईं, जिनमें वाहन चालक चोटिल हुए।
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार की ओर से देहरादून जा रही एक निजी कंपनी की बस की देहरादून की ओर से आ रही महिंद्रा एसयूवी कार से लालतप्पड़ क्षेत्र में टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार चालक शैलेश गुप्ता (37) पुत्र राजकुमार गुप्ता निवासी जगजीतपुर, जिला हरिद्वार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार सवार दो अन्य लोग भी घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया।
इसके अलावा इसी मार्ग पर दो अन्य सड़क हादसे भी हुए, जिनमें संबंधित वाहनों के चालक चोटिल हो गए। लगातार हुए हादसों के चलते क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि लालतप्पड़ क्षेत्र में बस और कार की भिड़ंत में कार चालक की मृत्यु हुई है।
दो घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। अन्य दुर्घटनाओं में भी कुछ लोग चोटिल हुए हैं। पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
लालतप्पड़ बना हादसों का हाटस्पाट, एनएचएआई की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालतप्पड़ क्षेत्र लगातार सड़क हादसों का हाटस्पॉट बनता जा रहा है। आए दिन हो रही दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है, लेकिन इसके बावजूद हाईवे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।
हाईवे और पुल निर्माण कार्य की धीमी गति को लेकर भी स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। रविवार को भी लालतप्पड़ क्षेत्र में एक के बाद एक तीन सड़क हादसे हुए। इनमें एक कार चालक की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने हाईवे निर्माण की व्यवस्था और निर्माण स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। माजरीग्रांट की ग्राम प्रधान निशा देवी और किसान नेता अजीत सिंह प्रिंस का आरोप है कि हाईवे और पुल निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है।
निर्माण स्थल पर पर्याप्त संकेतक, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। इस संबंध में कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी राहगीरों की जान पर भारी पड़ रही है। उन्होंने एनएचएआई के संबंधित अधिकारियों और निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदारों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
साथ ही लालतप्पड़ क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और हाईवे व पुल निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की मांग भी उठाई है।
यह भी पढ़ें- देहरादून: नींद की झपकी बनी काल, डोईवाला में भीषण सड़क हादसे में चार की मौत, तीन घायल
यह भी पढ़ें- डोईवाला के मिस्सरवाला में हाथी का उत्पात, घरों में घुसकर मचाई तोड़फोड़
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।