सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता बढाएं केंद्रीय विश्वविद्यालय, HRD मिनिस्ट्री ने दिया निर्देश
मंत्रालय की इस अनूठी पहल से अब इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय समेत अन्य संस्थानों के छात्र-छात्राएं सीधे तौर पर संस्थान से संवाद कर सकेंगे।
प्रयागराज [गुरुदीप त्रिपाठी]। दुनिया में ज्ञान और सूचनाओं को आपस में साझा करना बहुत महत्वपूर्ण है और इस कार्य के लिए सोशल मीडिया भी एक बेहतर प्लेटफार्म हो सकता है। ऐसे में मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने इस दिशा में अहम निर्णय लिया है कि देशभर के सभी केंद्रीय विश्वविद्यालय अब सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता बढ़ाएंगे। इसमें सभी तकनीकी संस्थानों को भी शामिल किया गया है।
दरअसल, मंत्रालय ने लंबे समय से यह नई योजना बनाई थी। उसे मूर्त रूप देने के लिए इस मसले पर शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें देशभर के सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों के करीब 200 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसका उद्घाटन केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने किया। कार्यशाला में बताया गया कि वर्तमान में यह जरूरी हो गया है कि अपने ज्ञान और सूचनाओं को आपस में साझा किया जाए, ताकि सभी छात्र-छात्रएं उसका लाभ उठा सकें। इसके लिए आवश्यक है कि हर संस्थान विभिन्न मीडिया मंचों के माध्यम से अपने अच्छे कार्यो का प्रचार करे। बताया गया कि उपलब्धियों को उजागर करके उनकी छवि बनाने और उसे बनाए रखने में सोशल मीडिया के धुरंधरों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यशाला में शोध और उपलब्धियों को सोशल मीडिया पर साझा करने को कहा गया। योजना यह भी है कि जो संस्थान सोशल मीडिया पर बेहतर काम करेगा उसे मंत्रालय की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा।
संस्थानों से सवाल-जवाब कर सकेंगे मेधावी
मंत्रालय की इस अनूठी पहल से अब इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय समेत अन्य संस्थानों के छात्र-छात्राएं सीधे तौर पर संस्थान से संवाद कर सकेंगे। छात्र-छात्राओं के सवालों का जवाब देने के लिए भी मंत्रालय की ओर से निर्देश दिए गए हैं, ताकि यह पहल एकतरफा न रहे।