विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर, आंतरिक मूल्याकंन के मिलेंगे नंबर, जानिए कैसे
बोर्ड परीक्षा की टेंशन कम करने के लिए हरियाणा के भिवानी बोर्ड ने एक नया कदम उठाया है। वार्षिक परीक्षा में आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर भी अंक मिलेंगे। जानने के लिए पढिय़े ये खबर।
जेएनएन, पानीपत: इस बार बोर्ड परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों की टेंशन कम करने के लिए विभाग ने एक नया कदम उठाया है। इससे विद्यार्थियों को राहत तो मिलेगी साथ ही उनकी प्रतिभा को भी आंका जा सकता है। इसके लिए बकायदा उनको अंक भी दिए जाएंगे। जानिए किस तरह से हो सकता है अंकों में फायदा।
10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षा में इस बार आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर प्रेक्टिकल विषयों की परीक्षा में 30 अंक दिए जाएंगे। भिवानी बोर्ड ने इस बार दोनों ही कक्षाओं की वार्षिक परीक्षा-2019 में सतत एवं व्यापक मूल्यांकन को खत्म करके आंतरिक मूल्यांकन को लागू करने का निर्णय लिया है। परीक्षा परिणाम और बेहतर बनें, इसलिए बोर्ड ने यह कदम उठाया है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के सचिव की ओर से इस बारे में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों व खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर दिए हैं। इसमें परीक्षा के अंकों का विवरण भी दिया गया है।
कक्षा 12वीं की परीक्षा में 3 विषयों में इस तरह रहेंगे अंक
12वीं की परीक्षा-2019 में रसायन विज्ञान, भौतिकी व जीव विभाग की लिखित परीक्षा 70 अंक की होगी। इसमें 30 अंक प्रेक्टिकल परीक्षा के होंगे। इन विषयों में आंतरिक मूल्यांकन के अंक स्कूलों द्वारा भेजे जाने हैं।इंटर्नल और एक्सटर्नल के 15-15 नंबर इंटर्नल एग्जाम 15 नंबर का होगा। इसमें से स्टूडेंट असेसमेंट टेस्ट के 10 अंक है। इसमें एसएटी के 4 अंक, अर्ध वार्षिक परीक्षा के 2 अंक, प्री बोर्ड टेस्ट के 2 अंक व क्लास अटेंडेंस के 2 अंक होंगे। इसके अलावा प्रेक्टिकल फाइल के 3 अंक व प्रोजेक्ट वर्क के 2 अंक होंगे। वहीं एक्सटर्नल एग्जाम भी 15 अंक का होगी। इसमें से एक्सपेरिमेंट में 9 अंक, एक्टिविटी के 3 अंक व वाइवा वाइस के भी 3 अंक होंगे।
अन्य विषयों में 80 व 20 अंक का रहेगा फार्मेट
प्रेक्टिकल विषयों को छोड़कर अन्य विषयों में 80 व 20 अंक की परीक्षा होगी। इसमें स्टूडेंट असेसमेंट टेस्ट के 10 अंक, अटेंडेंस के 5 अंक व प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग के 5 अंक होंगे।
परिणाम में भी आएगा सुधार
पानीपत के जिला शिक्षा अधिकारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा परिणाम में और भी सुधार आए। इसलिए भिवानी बोर्ड की ओर से प्रेक्टिकल एग्जाम के 30 नंबर आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर दिए जाएंगे। इस संबंध में लैटर मिल चुका है। सभी स्कूलों को सूचित कर दिया गया है।