CovidGyan: कोविड-19 के बारे में मिस-इन्फॉर्मेशन से लड़ने के लिए एआईसीटीई ने लॉन्च किया अभियान
CovidGyan अभियान में कोविड-19 के बारे में प्रामाणिक जानकारी वीडियो पोस्टर इन्फोग्राफिक एफएक्यू मिथ-बस्टर्स और आर्टिकल के रूप में से प्रसारित की जाएगी।
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। CovidGyan 2020: कोरोना वायरस (कोविड-19) के बारे में विभिन्न संचार माध्यमों और प्लेटफॉर्म पर फैलायी जा रही गलत और गैर-प्रमाणित सूचनाओं के लतागार बढ़ते प्रसार के मद्दनेजर अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने एक अभियान की शुरुआत की है। कोविड ज्ञान के नाम से आरंभ किये गये इस अभियान के अंतर्गत एआईसीटीई ने एक वेबसाइट, covid-gyan.in लॉन्च की है।
कोविड ज्ञान अभियान का उद्देश्य कोविड-19 के बारे में वैज्ञानिक रूप से विश्वसनीय और प्रामाणिक जानकारियों और सूचनाओं को तैयार करना और प्रसारित करना है। इस अभियान को आम जनता के साथ-साथ वैज्ञानिक विवरणों की जानकारी खोजने वालों के लिए शुरू किया गया है।
कोविड ज्ञान अभियान के बारे एआईसीटीई द्वारा जारी अपडेट के अनुसार कोविड-19 के बारे में प्रामाणिक जानकारी लॉन्च की वेबसाइट पर वीडियो, पोस्टर, इन्फोग्राफिक, एफएक्यू, मिथ-बस्टर्स और आर्टिकल के माध्यम से प्रसारित की जाएगी।
एआईसीटीई ने कोविड ज्ञान अभियान को विभिन्न शीर्ष संगठनों के साथ मिलकर लॉन्च किया है, इनमें टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस, टाटा मेमोरियल सेंटर, विज्ञान प्रसार, इंडिया बायोसाइंस और बेंगलुरु साइंस क्लस्टर शामिल हैं।
कोविड ज्ञान अभियान के लिए लॉन्च वेबसाइट covid-gyan.in के अनुसार, कोविड-19 महामारी से लड़ने के लिए उपलब्ध और विकसित हो रहे सभी संसाधनों को एक जगह एकत्र करने के लिए यह एक हब का काम करेगी। इन संसाधनों में भारतीय अनुसंधान संस्थानों की रिसर्च और उनके द्वारा चलाये जा रहे कार्यक्रम शामिल होंगे। वेबसाइट पर उपलब्ध करायी गयी जानकारियां इस महामारी के बारे में उपलब्ध सर्वोत्तम वैज्ञानिक समझ पर आधारित हैं।
कोविड ज्ञान वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारियों को शैक्षणिक संस्थानों द्वारा अपने वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपयोग किया जा सकता है।
एआईसीटीई कोविड ज्ञान अभियान और वेबसाइट को लेकर सुझाव भी आमंत्रित किये हैं। सुझावों को ईमेल आईडी contact@covidgyan.in पर मेल किया जा सकता है।