Lok Sabha Election: चुनाव प्रचार की रफ्तार बढ़ाने में जुटी कांग्रेस, प्रदेश प्रभारी ने पश्चिमी यूपी में संभाली कमान
कांग्रेस लोकसभा चुनाव में अपने चुनाव प्रचार को तेज करने में जुट गई है। विशेषकर अपने न्याय पत्र के गारंटी कार्ड को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने शुक्रवार को गौतमबुद्धनगर बुलंदशहर अमरोहा बिजनौर व सहारनपुर में लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। कांग्रेस के पदाधिकारियों व अन्य सहयोगी दलों के नेताओं के बीच तालमेल बैठाकर प्रचार की रणनीति बनाई गई है।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। कांग्रेस लोकसभा चुनाव में अपने चुनाव प्रचार को तेज करने में जुट गई है। विशेषकर अपने न्याय पत्र (घोषणापत्र) के गारंटी कार्ड को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने शुक्रवार को गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अमरोहा, बिजनौर व सहारनपुर में लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। वह अपने तीन दिवसीय दौरे में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन की सक्रियता की समीक्षा करने के साथ ही 14 लोकसभा क्षेत्रों में विपक्षी गठबंधन आइएनडीएआइ में शामिल सपा व अन्य दल के नेताओं से समन्वय बनाकर चुनाव प्रचार को धार देंगे।
अविनाश पांडेय का कहना है कि कांग्रेस के पदाधिकारियों व अन्य सहयोगी दलों के नेताओं के बीच तालमेल बढ़ाने के साथ ही संयुक्त प्रचार को तेज किए जाने पर जोर है। चरणवार सभी 80 लोकसभा सीटों का भ्रमण करूंगा।
वार्ड स्तर पर पदाधिकारियों को किया जा रहा सक्रिय
हर लोकसभा क्षेत्र में वार्ड स्तर पर पदाधिकारियों को सक्रिय किए जाने का भी प्रयास है। सपा के साथ संयुक्त सभाओं का प्रस्ताव भी तैयार हो गया है, जिस पर केंद्रीय नेतृत्व जल्द निर्णय करेगा। कांग्रेस ने अपने चुनाव अभियान को गति देने के लिए मीडिया विभाग की विभिन्न चुनाव कमेटियों का गठन भी किया है।
मीडिया विभाग के चेयरमैन डा.सीपी राय के अनुसार लोकसभा चुनाव में मीडिया व सोशल मीडिया की भूमिका को और धार देने के लिए रणनीतिक समिति, योजना समिति व अनुसंधान समिति का गठन किया गया है। इसके साथ ही हर लोकसभा क्षेत्र में एक-एक मीडिया प्रभारी की नियुक्ति भी की गई है। संगठन व वाररूम के बीच सामंजस्य बढ़ाने के लिए छह जोन में भी मीडिया प्रभारी बनाए गए हैं।
चुनावी मुद्दों को धार देने के लिए 17 सदस्यीय मीडिया सलाहकार समिति भी गठित की गई है, जिसमें वरिष्ठ नेता द्विजेन्द्र त्रिपाठी, वीरेन्द्र मदान, अमरनाथ अग्रवाल, कृष्णकांत पांडेय, सुबोध श्रीवास्तव, अशाेक सिंह व अन्य को शामिल किया गया है। चुनाव प्रचार में वाररूम की भूमिका भी लगातार बढ़ाई जा रही है।
इसे भी पढ़ें: बदायूं से शिवपाल यादव नहीं लड़ेंगे लोकसभा चुनाव! सभी अटकलों पर लगा विराम, सपा ने आदित्य के नाम का लिया पर्चा