Move to Jagran APP

महिलाओं को मिलने वाली राशि क्रमश: 1000 से बढ़कर 3000 रुपये होगी, CM शिवराज का बड़ा एलान

Ladli Bahan Yojana मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में लाड़ली बहना सेनाएं भी बनेंगी। बड़े ग्रामों में 21 सदस्य और छोटे ग्रामों में 11 सदस्य वाली सेनाएं गठित होंगी। लाडली बहना सेना अन्याय और शोषण के खिलाफ लड़ेंगी।

By Jagran NewsEdited By: Rajat MouryaPublished: Sat, 10 Jun 2023 10:17 PM (IST)Updated: Sat, 10 Jun 2023 10:17 PM (IST)
महिलाओं को मिलने वाली राशि क्रमश: 1000 से बढ़कर 3000 रुपये होगी, CM शिवराज का बड़ा एलान
सीएम शिवराज चौहान ने 'लाडली बहनों' को दी सौगात

जबलपुर, ऑनलाइन डेस्क। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ लेकर बहनें मजबूत होंगी, वे अब मजबूर नहीं रहेंगी। योजना में प्रतिमाह 1000 रूपये की राशि देने के प्रावधान में संशोधन कर बहनों को क्रमश: बढ़ी हुई राशि का भुगतान किया जाएगा।

loksabha election banner

आवश्यक वित्त व्यवस्था के फलस्वरूप योजना में 1000 रूपये के स्थान पर क्रमश: 1250 रुपये, इसके बाद 1500 रूपए, फिर 1750 रूपए, फिर 2 हजार रूपए और इसके बाद 2250 रुपये, 2500 रूपए और 2750 रूपए करते हुए राशि को 3 हजार रूपए तक बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने शनिवार को जबलपुर में मुख्यमंत्री 'लाडली बहना योजना' में बहनों के खातों में मासिक राशि भेजने के लिए राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री चौहान ने सिंगल क्लिक के माध्यम से 1.25 करोड़ बहनों के खाते में कुल 1209 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की। इस कार्यक्रम से पूरे प्रदेश की बहनें भी जुड़ीं। प्रदेश के वार्डों और ग्रामों में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण किया गया।

इस खास मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे बहनों को अब परिवार में आर्थिक रूप से किसी विवशता का सामना नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना में मिलने वाली राशि उनके जीवन में आनंद लाने का कार्य करेगी। परिवार में बच्चों के लिए दूध, फल, दवाई लाने, उनकी पढ़ाई के प्रबंध को बेहतर बनाने में योजना की राशि उपयोगी होगी। परिवार में बहन के साथ बच्चों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

प्रदेश में बनेंगी लाडली बहना सेनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लाडली बहना सेनाएं भी बनेंगी। बड़े ग्रामों में 21 सदस्य और छोटे ग्रामों में 11 सदस्य वाली सेनाएं गठित होंगी। लाडली बहना सेना अन्याय और शोषण के खिलाफ लड़ेंगी। यह सेनाएं महिलाओं को उनके कल्याण की योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करेगी।

सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ने अनेक महिला कल्याण योजनाओं से बहनों और बेटियों का सशक्तिकरण किया है। लाडली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, स्व-सहायता समूहों द्वारा आर्थिक उन्नयन की गतिविधियों से बहनें सशक्त हुई हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पूर्व सरकार ने बेटियों को लेपटॉप प्रदान करने, बैगा, सहरिया और भारिया जनजाति की बहनों को प्रति माह दी जाने वाली आहार अनुदान राशि का भुगतान बंद कर दिया था जिसे हमारी सरकार ने पुन: प्रारंभ किया। पूर्व सरकार ने और भी कई कल्याणकारी योजनाएं बंद करने का कार्य किया।

उन्होंने बताया कि विशेष पिछड़ी जनजातियों को पोषण के लिए दी जाने वाली राशि का ही विस्तार करते हुए मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना का निर्माण किया गया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.