हर घर पर तिरंगा लगा मनाएं आजादी का महोत्सव : गिरधर
हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एंड गाइड्स भीष्म एवं झांसी ओपन ग्रुप व इंडियन स्काउट एंड गाइड फैलोशिप की तरफ से आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में शनिवार को हर घर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
जासं, कैथल : हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एंड गाइड्स भीष्म एवं झांसी ओपन ग्रुप व इंडियन स्काउट एंड गाइड फैलोशिप की तरफ से आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में शनिवार को हर घर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। ग्रुप लीडर बख्शीश गिरधर ने कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमारे देश की आन बान और शान है, तिरंगे के तीनों रंग बलिदान, शांति और हरियाली के प्रतीक हैं। इसका हमें दिल से सम्मान करना चाहिए। इसके उत्साह वर्धन के लिए तिरंगा यात्रा का आयोजन हरियाणा शहीद स्मारक से प्रारंभ करके पिहोवा चौक से होते हुए वापस शहीद स्मारक तक किया है। पूरे रास्ते रोवर रेंजर देशभक्ति के नारे लगाते भारत माता की वंदना करते हुए लोगों को अपने अपने घर व प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित कर रहे थे। शहर वासी भी हमारे साथ भारत माता की जय और वंदेमातरम बोल कर हमारा उत्साह बढ़ा रहे थे। हर घर-घर तिरंगा लहराकर देश के रणबांकुरों के बलिदान को करें याद : कैलाश भगत
जासं, कैथल : हर घर तिरंगा अभियान के तहत कैथल के अमर बलिदानी मदन लाल ढींगड़ा स्मारक पर भारतीय ध्वज फहराया गया। हैफेड के चेयरमैन कैलाश भगत ने यहां पर ध्वजारोहण किया और अमर बलिदानी मदनलाल ढींगड़ा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान भी गाया गया। कार्यक्रम में पहुंचे चेयरमैन कैलाश भगत का पंजाबी सभा के सदस्यों का स्वागत किया। चेयरमैन कैलाश भगत ने बताया कि 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत अब घर-घर तिरंगा लहरा रहा है।