19 साल की उम्र में पहली सरकारी नौकरी और 3 बार क्रैक किया RPSC RAS, 35 रुपये की दिहाड़ी मजदूरी करने वाले दिनेश बने SDM
दिनेश चौधरी एक सामान्य परिवार से आते हैं। उन्होंने बचपन में 35 रुपये की दिहाड़ी मजदूरी की थी। लेकिन संसाधनों ...और पढ़ें
-1791629295601_m.webp)
यहां पढ़ें एसडीएम दिनेश चौधरी।
HighLights
तीन बार क्रैक किया RPSC RAS एग्जाम।
19 साल की उम्र में हासिल की सरकारी नौकरी।
करियर डेस्क, नई दिल्ली। राजस्थान जोधपुर के एक गरीब परिवार से आने वाले दिनेश चौधरी अपनी सफलता से लाखों युवाओं को प्रेरित कर रहे हैं। दिनेश चौधरी की मेहनत और लगन इस बात का प्रमाण है कि अगर आपके हौसले बुलंद हो तो आप विषम परिस्थितियों में भी अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं।
बता दें, दिनेश के जीवन में एक वक्त ऐसा भी था जब वह अपने परिवार का आर्थिक बोझ कम करने के लिए 35 रुपये में दिहाड़ी मजदूरी किया करते थे। लेकिन दिनेश ने कभी भी गरीबी को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। वह लगातार मेहनत करते गए और साल 2024 में राजस्थान आरएएस परीक्षा पास कर SDM बन गए।
मां-बाप खेतों में करते थे मजदूरी
दिनेश चौधरी का जन्म एक बेहद ही सामान्य परिवार में हुआ था। परिवार का पालन-पोषण करने के लिए दिनेश के माता-पिता खेतों में मजदूरी किया करते थे। बता दें, दिनेश ने कक्षा 5वीं तक की पढ़ाई घर के पास स्कूल से ही पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई घर से तकरीबन 4 किलोमीटर दूर स्कूल से पूरी की।
परिवार की मदद के लिए 35 रुपये में की मजदूरी
दिनेश बचपन से ही काफी ज्यादा समझदार थे। घर की माली हालातों से वह अच्छे से वाकिफ थे। इसलिए परिवार की तंगहाली को कम करने के लिए दिनेश ने अपने बचपन में 35 रुपये में दिहाड़ी मजदूरी की। यही नहीं उन्होंने मनरेगा काम के जरिये भी काम किया। जब दिनेश स्कूल की छुट्टियों में अपनी नानी के घर जाते थे, तो वहां वह प्याज काटने का काम भी किया करते थे।
समाज से मिले तानों को किया गलत साबित
दिनेश गणित विषय में कमजोर थे। ऐसे में लोग उन्हें कहते थे कि उनकी सरकारी नौकरी कभी नहीं लग पाएगी। लेकिन दिनेश चौधरी ने सभी को गलत साबित किया और महज 19 साल ही उम्र में ही रीट परीक्षा पास करके सरकारी नौकरी हासिल कर ली।
एक नहीं बल्कि 3 बार क्रैक किया RPSC
19 साल की उम्र में सरकारी नौकरी हासिल करने के बावजूद भी दिनेश चौधरी संतुष्ट नहीं थे। वह जीवन में कुछ बड़ा हासिल करना चाहते थे। इसलिए उन्होंने राजस्थान लोक सेवा आयोग RPSC की RAS परीक्षा की तैयारी करने का फैसला किया। इसके बाद उन्होंने घर पर रहकर ही ऑनलाइन संसाधनों की मदद से राजस्थान आरएएस परीक्षा की तैयारी शुरू की और अपने पहले ही प्रयास में आरपीएससी क्रैक कर दिया। उन्होंने साल 2021 में परीक्षा पास कर 264वीं रैंक हासिल की और राजस्थान में जिला रोजगार अधिकारी बन गए। इसके बाद दिनेश ने साल 2023 की परीक्षा में 31वीं रैंक हासिल की और साल 2024 में 7वीं रैंक हासिल करके SDM बन गए।
