मोहिबुल्लाह अंसारी: प्री बोर्ड में हुए फेल तो पिता ने मारा ताना, अब अमेरिका में मिलेगा द एशियन हीरो अवार्ड
मोहिबुल्लाह अंसारी को उनकी ईमानदारी और समाज कल्याण के लिए अमेरिका में 'द एशियन हीरो अवार्ड' से सम्मानित किया जाएगा। यह अवार्ड उन्हें 13 दिसंबर, 2026 को दिया जाएगा।

Who is Mohibullah Ansari: अमेरिका में मिलेगा सम्मान।
HighLights
प्री-बोर्ड में असफलता के बाद पिता के ताने से मिली प्रेरणा।
आईआईटी दिल्ली से बीटेक कर यूपीएससी परीक्षा पास कर बने आईपीएस।
करियर डेस्क, नई दिल्ली। कक्षा 10वीं और 12वीं प्री-बोर्ड रिजल्ट में जब मोहिबुल्लाह अंसारी का रिजल्ट खराब आया था। तब उनके पिता ने उन्हें ताना दिया था कि सपने तो तुम IIT जाने का देखते हो। लेकिन पास होने के लिए नंबर तक नहीं ला पा रहे हो।
पिता के तानों ने मोहिबुल्लाह को और अधिक मेहनत करने के लिए मजबूर तो कर दिया था। लेकिन शायद ही उनके पिता ने कभी यह सोचा होगा कि एक दिन उनका वही बेटा अपनी ईमानदारी और मेहनत से 'द एशियन हीरो अवार्ड 2026' से सम्मानित किया जाएगा।
जी हां, मोहिबुल्लाह को 13 दिसंबर, 2026 को द एशियन हीरो अवार्ड से नवाजा जाएगा। यह सम्मान उन्हें पुलिस सेवा में ईमानदारी और समाज कल्याण में दिए गए उनके योगदान के लिए दिया जा रहा है।
पिता के तानों ने बदली किस्मत
मोहिबुल्लाह अंसारी का जन्म 25 अप्रैल, 1993 में हुआ था। वह बिहार के रहने वाले हैं। आज मोहिबुल्लाह की कहानी उन सभी युवाओं को प्रेरित कर रही है, जो पढ़ाई में कमजोर होने के साथ जीवन में सफल होने का ख्वाब देखते हैं। आपको बता दें, मोहिबुल्लाह पढ़ाई में कमजोर थे। यही कारण है कि वह कक्षा 10वीं एवं 12वीं प्री बोर्ड की परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके थे। जिसके बाद उनके पिता ने उन्हें ताना मारा और उनसे कहा तुम सपने तो आईआईटी जाने का देखते हो, लेकिन तुम पास होने के लिए नंबर तक नहीं ला पा रहे हो।
IIT से किया बीटेक
पिता के तानों ने मोहिबुल्लाह को मेहनत करने पर मजबूर कर दिया था। उन्होंने IIT में दाखिला लेने के लिए दिन-रात मेहनत की और कड़ी मेहनत से JEE मेन्स और JEE एडवांस्ड की परीक्षा पास की। परीक्षा पास करने के बाद उन्होंने साल 2011 में आईआईटी दिल्ली में दाखिला लिया और यहां से बीटेक की डिग्री हासिल की।
मोटी तनख्वाह वाली नौकरी छोड़कर UPSC की तैयारी
आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल के बाद उन्होंने आईटी कंपनी में नौकरी की। लेकिन मोहिबुल्लाह का मन कॉर्पोरेट में नहीं लगा। मोहिबुल्लाह देश की सेवा करना चाहते हैं। इसलिए उन्होंने नौकरी छोड़कर UPSC की तैयारी शरू की। हालांकि शुरुआत में मोहिबुल्लाह को असफलताओं का सामना करना पड़ा। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरे अटेम्प्ट में यूपीएससी की सिविल सर्विस परीक्षा पास करके IPS अधिकारी बन गए
अमेरिका में किया जाएगा सम्मानित
आईपीएस मोहिबुल्लाह को उनकी ईमानदारी, बहादुरी और समाज कल्याण के लिए अमेरिका के फ्लोरिडा में 'द एशियन हीरो अवार्ड 2026' से सम्मानित किया जाएगा। यह अवार्ड उन्हें 13 दिसंबर, 2026 को दिया जाएगा। बता दें, मोहिबुल्लाह को यह अवार्ड एसोसिएशन ऑफ वर्ल्ड फेयर एंड फेस्ट यूएसए की ओर से दिया जाएगा।
