एजुकेशन डेस्क। ISRO YUVIKA 2023: अगर आप भी अपने बच्चे का कैरियर अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में बनाना चाहते हैं तो यह खबर आपके लिए है। भारत सरकार के अंतरिक्ष विभाग के अधीन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी इसरो द्वारा युवा विज्ञानी कार्यक्रम (युविका) 2023 की घोषणा कर दी गई है। इसरो द्वारा 15 से 26 मई 2023 तक आयोजित किए जाने वाले युविका 2023 के माध्यम से अतरिक्ष विज्ञान और तकनीकी क्षेत्रों में उभरते रुझानों से युवा छात्रों को परिचित कराया जाएगा और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष विज्ञान और अंतरिक्ष अनुप्रयोगों की बेसिक जानकारियां दी जाएंगी। इस कार्यक्रम के लिए निर्धारित प्रक्रिया से चयन छात्र-छात्राओं को इसरो के 7 केंद्रों पर ट्रेनिंग, स्टडी मैटेरियल, फूडिंग और लॉजिंग, यात्रा भत्ता, आदि की व्यवस्था की जाएगी।
ISRO YUVIKA 2023: इसरो यंग साइंटिस्ट प्रोग्राम के लिए आवेदन 20 मार्च से
इसरो द्वारा घोषित कार्यक्रम के मुताबिक इच्छुक पैरेंट्स अपने बच्चे के लिए युविका 2023 में पंजीकरण ऑनलाइन मोड में आधिकारिक वेबसाइट, isro.gov.in पर कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया सोमवार, 20 मार्च से शुरू होनी है और आखिरी तारीख 3 अप्रैल निर्धारित है। आवेदन किए स्टूडेंट्स में शॉर्टलिस्ट किए छात्र-छात्राओं की पहली लिस्ट 10 अप्रैल को और दूसरी सूची (यदि सीट बचती है तो) 20 अप्रैल को जारी की जाएगी। चयनित स्टूडेंट्स को 14 मई तक आवंटित अंतरिक्ष केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद 27 मई को छात्रों का वापस भेज दिया जाएगा।
ISRO YUVIKA 2023: ऐसे होगा चयन इसरो युविका के लिए
इसरो द्वारा साझा की गई आधिकारिक जानकारी के मुताबिक आवेदन किए छात्र-छात्राओं के लिए निर्धारित मापदंडों के अनुसार आवंटित अंकों के आधार पर चयन सूची बनाई जाएगी। इसमें कक्षा 8 के प्राप्तांकों को 50 फीसदी, ऑनलाइन क्विज को 10 फीसदी, साइंस फेयर में पार्टिसिपेशन के लिए 2-10 फीसदी, आदि शामिल हैं। सभी मानकों की जनकारी के लिए ऊपर दिए गए अधिसूचना लिंक पर जाएं।