यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 29, 2012 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आरबीआइ तय करेगा बाजार की दिशा
मुंबई। रिजर्व बैंक की मौद्रिक समीक्षा से इस हफ्ते शेयर बाजार की दिशा तय हो सकती है। बैंकरों को उम्मीद है कि केंद्रीय बैंक नकद आरक्षित अनुपात [सीआरआर] में आधा फीसद तक की कटौती कर सकता है। मगर महंगाई की ऊंची दर आरबीआइ के लिए अब भी चुनौती है। 31 जुलाई को आरबीआइ मौद्रिक नीति की तिमाही समीक्षा पेश करेगा। इसे देखते हुए बाजा

मुंबई। रिजर्व बैंक की मौद्रिक समीक्षा से इस हफ्ते शेयर बाजार की दिशा तय हो सकती है। बैंकरों को उम्मीद है कि केंद्रीय बैंक नकद आरक्षित अनुपात [सीआरआर] में आधा फीसद तक की कटौती कर सकता है। मगर महंगाई की ऊंची दर आरबीआइ के लिए अब भी चुनौती है। 31 जुलाई को आरबीआइ मौद्रिक नीति की तिमाही समीक्षा पेश करेगा। इसे देखते हुए बाजार में उतार चढ़ाव का दौर जारी रहने की आशंका है।
बैंकरों के उलट शेयर ब्रोकरों को ब्याज दरों में किसी बदलाव की उम्मीद नहीं है। उनका मानना है कि कमजोर मानसून के चलते जिंसों की कीमतें बढ़ सकती है जो महंगाई को भड़काएगी। इससे आरबीआइ ब्याज दरों में कटौती से पीछे हट सकता है। कंपनियों के तिमाही नतीजे भी बाजार को प्रभावित कर सकते हैं। इस हफ्ते कई बैंक और बड़ी कंपनियां अपने वित्तीय नतीजों की घोषणा करेंगी। इसके अलावा देश भर में मानसून की प्रगति भी निवेशकों की धारणा पर असर डाल सकती है।
पिछले हफ्ते शेयर बाजारों में गिरावट दर्ज की गई। यह लगातार तीसरा हफ्ता था जब बाजार कमजोर रहा। बंबई शेयर बाजार [बीएसई] का सेंसेक्स इस दौरान 319.25 अंकों की गिरावट के साथ 16,839.19 पर बंद हुआ। इससे पिछले शुक्रवार को भी यह लुढ़ककर 17,158.44 पर बंद हुआ था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज [एनएसई] का निफ्टी भी इस दौरान 105.25 अंकों की गिरावट के साथ 5,099.85 पर बंद हुआ। इससे पिछले सप्ताह यह 5,205.10 पर रहा था।
गिरावट की मार से सेंसेक्स की शीर्ष सात कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 31,792 करोड़ रुपये घट गया। सबसे ज्यादा नुकसान सार्वजनिक क्षेत्र के दिग्गज बैंक एसबीआइ को हुआ। बैंक की बाजार पूंजी 12,974 करोड़ रुपये घटकर 1,30,263 करोड़ रुपये रह गई। इसके साथ ही पूंजीकरण के लिहाज से सबसे मूल्यवान बैंक का तमगा भी एसबीआइ से छिन गया। इसे निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक ने पछाड़ा है। इसके अलावा कोल इंडिया, ओएनजीसी, भारती एयरटेल, एनटीपीसी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के पूंजीकरण में भी नुकसान दर्ज किया गया। वहीं टीसीएस, आइटीसी और एचडीएफसी बैंक की पूंजी में बढ़त पर रही।
एफआइआइ बने लिवाल
लगातार तीन महीनों [अप्रैल-जून] तक बिकवाली करते रहे विदेशी संस्थागत निवेशक [एफआइआइ] जुलाई में खरीदारी करते नजर आए। इस महीने की 27 जुलाई तक इन्होंने 8,424 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की है। इस दौरान एफआइआइ ने जहां 44,192 करोड़ रुपये की खरीदारी की, वहीं 35,768 करोड़ रुपये की बिकवाली की। इसके अलावा विदेशी निवेशकों ने कर्ज बाजार में भी 3,187 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर