विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल की सत्ता में तीन महीने: भाजपा अपने संगठन का ‘तृणमूलीकरण’ रोकने के लिए कर रही संघर्ष

Published: Wed, 19 Aug 2026 07:25 PM (GMT+05:30)

बंगाल में सत्ता में आने के तीन महीने बाद अब भाजपा अपने संगठन को 'तृणमूलीकरण' से बचाने के लिए संघर्ष कर रही है।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी।

HighLights

  1. भाजपा बंगाल में 'तृणमूलीकरण' रोकने को कर रही संघर्ष।

  2. प्रदेश अध्यक्ष ने जबरन वसूली, डराने-धमकाने पर दी चेतावनी।

  3. पार्टी ने 22 पदाधिकारियों को किया निलंबित, अनुशासन पर जोर।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। भाजपा ने बंगाल में सत्ता की लड़ाई तो जीत ली है, लेकिन राज्य में पहली बार सरकार बनाने के तीन महीने बाद ही उसे एक मुश्किल राजनीतिक परीक्षा का सामना करना पड़ रहा है।

यह परीक्षा पार्टी के विस्तार और मजबूती होने के साथ ही इस बात की भी है कि संगठन और पहचान उस राजनीतिक संस्कृति के सांचे में न ढल जाए, जिसके खिलाफ उसने तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ बरसों तक आवाज उठाई।

दो मोर्चो पर साफ दिख रहा विरोधाभास

यह विरोधाभास दो मोर्चों पर तेजी से साफ दिखाई दे रहा है। संगठनात्मक स्तर पर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने जबरन वसूली, डराने-धमकाने और ऐसी अन्य गतिविधियों के खिलाफ हाल के दिनों में कई बार कड़ी चेतावनी जारी की है।

यदि इस पर काबू नहीं पाया गया तो भाजपा और उस तृणमूल कांग्रेस के बीच कोई फर्क नहीं रह जाएगा जिसे सत्ताच्युत होना पड़ा है। यानी पार्टी के सामने यहां सबसे बड़ी चुनौती अपने संगठन का ‘तृणमूलीकरण’ रोकने पर है।

कार्यकर्ताओं की नाराजगी के मायने क्या?

राजनीतिक तौर पर, पार्टी को अपने कुछ कार्यकर्ताओं की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। यह नाराजगी पूर्व तृणमूल नेताओं और बागी नेताओं को पार्टी में शामिल करने तथा उनसे बढ़ती नजदीकियों को लेकर है। इनमें से कुछ नेताओं पर भाजपा ने पिछली सरकार के कथित भ्रष्टाचार और राजनीतिक संस्कृति के प्रतीक के तौर पर लगातार निशाना साधा था।

ये दोनों चुनौतियां आपस में गहराई से जुड़ी हैं। इन सबके मूल में एक ऐसा सवाल है जिसे बंगाल भाजपा अब और नजरअंदाज नहीं कर सकती। तृणमूल से जुड़ी राजनीतिक कार्यप्रणालियों को अपनाए बिना, पार्टी उस राजनीतिक तंत्र के कितने हिस्से को अपने में समाहित कर सकती है जिसे उसने हराया है?

विधायकों को अवैध गतिविधियों से भी दूर रहने की चेतावनी

हालांकि भट्टाचार्य ने साफ कर दिया है कि पार्टी के अनुशासन के नियमों में कोई ढील नहीं दी जाएगी। हाल में भाजपा विधायकों और जिला अध्यक्षों के लिए आयोजित एक संगठनात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम में, उन्होंने चुने हुए प्रतिनिधियों को आगाह किया कि वे अपनी विधानसभा सीटों पर मुख्यमंत्री की तरह व्यवहार न करें।

साथ ही, उन्होंने उन्हें फ्लैट की नाप-जोख करने, दुकानों या घरों पर ताला लगाने और स्थानीय मामलों में दखल देने जैसी गतिविधियों से भी दूर रहने की चेतावनी दी। भट्टाचार्य ने कहा कि ऐसा कुछ न करें जिससे लोग आपमें और तृणमूल में कोई फर्क न कर पाएं।

भट्टाचार्य की चेतावनी

भट्टाचार्य यह भी चेतावनी दी कि पार्टी गलत रास्ते पर चलने वाले नेताओं का रिकार्ड रख रही है और अगर उन्होंने अपना व्यवहार नहीं सुधारा, तो सही समय पर उन फाइलों को खोला जा सकता है। भट्टाचार्य ने साफ किया कि निर्वाचित प्रतिनिधि भी कार्रवाई से नहीं बचेंगे और भ्रष्टाचार में शामिल किसी भी विधायक या सांसद को बख्शा नहीं जाएगा।

प्रदेश भाजपा ने हाल में 22 पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है, जिनमें मंडल स्तर के कई नेता भी शामिल हैं। इन नेताओं और कार्यकर्ताओं को जबरन वसूली, तृणमूल कांग्रेस के दफ्तरों पर कब् करने की कोशिश और पार्टी-विरोधी गतिविधियों जैसे आरोपों के चलते ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किए गए थे।

यह कार्रवाई इसलिए अहम है, क्योंकि बंगाल में भाजपा का उभार मुख्य रूप से तृणमूल के कट-मनी, सिंडिकेट और जबरन वसूली वाले कथित नेटवर्क से मुक्ति दिलाने का विकल्प देने के वादे पर हुआ था।

जबरन वसूली में शामिल लोगों के खिलाफ की जाएगी कार्रवाई

मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि हम पिछली सरकार जैसे नहीं हैं। हम जो कहते हैं, वह करते हैं। उन्होंने कहा कि जबरन वसूली में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में एक राजनीतिक विश्लेषक ने कहा कि भाजपा के लिए खतरा यह नहीं है कि तृणमूल नेता उसमें शामिल हो रहे हैं, बल्कि खतरा यह है कि भाजपा और तृणमूल के बीच का फर्क धीरे-धीरे उसके अपने कार्यकर्ताओं और मतदाताओं की नजर में खत्म हो सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।