ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किसान नेता की मौत, किसानों के लिए ऊंट गाड़ी यात्रा कर चर्चा में रहे थे मंगल सिंह
Accident in Bhiwani भिवानी के तोशाम में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किसान मंगल सिंह खरेटा की मौत हो गई। मंगल सिंह खरेटा उस समय चर्चा में आए थे जब उन्होंने किसानों के अधिकारों के लिए ऊंट गाड़ी यात्रा शुरु की थी।
संवाद सहयोगी, तोशाम: तोशाम- बहल मार्ग पर गांव थिलोड़ व पटौदी के बीच में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किसान नेता मंगल सिंह खरेटा की मौत हो गई। 65 वर्षीय किसान नेता महिला पहलवानों के समर्थन में मुंडलाना गोहाना महापंचायत में भाग लेकर देर सायं मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव खावा लौट रहे थे।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगल सिंह खरेटा की बाइक को ट्रक सौ मीटर तक घसीटते हुए ले गया। जिसके कारण किसान नेता की हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। सड़क हादसे के बाद मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
किसानों के लिए ऊंट गाड़ी यात्रा निकाल चर्चा में आए थे मंगल सिंह खरेटा
मंगल सिंह खरेटा उस समय चर्चा में आए थे जब उन्होंने किसानों के अधिकारों के लिए ऊंट गाड़ी यात्रा शुरु की थी। यह यात्रा अमृतसर से दिल्ली इंडिया गेट तक लगभग पांच सौ किलोमीटर निकाली गई थी। किसान नेता मंगल सिंह के अचानक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उन्होंने हमेशा किसानों की लड़ाई लडी।
उनके निधन पर अनेक राजनीतिक, सामाजिक संगठन के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। किसान संगठन का कहना है कि मंगल सिंह खरेटा एक निर्भिक और स्पष्ट बात कहने वाले किसान नेता थे।
किरण चौधरी के सामने अकेले प्रत्याशी थे मंगल सिंह
मंगलसिंह खरेटा गांव खावा के सरपंच भी रहे और बीडीसी व जिला परिषद का चुनाव भी लड़ा था। उन्होंने तोशाम हल्के से 2005 और 2019 में विधानसभा का चुनाव भी लड़ा था। 2005 में पहली बार तोशाम से चुनाव लड़ रही किरण चौधरी के सामने जब कोई चुनाव नहीं लड़ रहा था, उस समय उन्होंने चुनाव लड़ा।
किसान नेताओं ने मंगल सिंह खरेटा की मौत को अपूरणीय क्षति बताया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।