'सनातनी परंपराओं को ठेस न पहुंचाएं', देवी दुर्गा के 'एकादश भुजा' विवाद पर बोले सीएम शुभेंदु
बंगाल सरकार के विज्ञापन में देवी दुर्गा की 11 भुजाएं दिखाए जाने पर विवाद हो गया है।

बंगाल सरकार के विज्ञापन में मां दुर्गा की 'एकादशभुजा' पर विवाद
HighLights
बंगाल विज्ञापन में देवी दुर्गा की 11 भुजाएं प्रदर्शित
विपक्षी दलों ने दुर्गा के स्वरूप को विकृत बताया
मुख्यमंत्री ने त्रुटि पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल सरकार के विज्ञापन में देवी दुर्गा की एकादश भुजाएं दिखाए जाने को लेकर विवाद छिड़ गया है। विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस व माकपा ने भाजपा सरकार पर दुर्गा के स्वरूप को 'विकृत' करने का आरोप लगाया है, वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने इसे विज्ञापन एजेंसी की तकनीकी त्रुटि बताते हुए इसे लेकर राजनीति नहीं किए जाने की बात कही है।
इस बीच मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस त्रुटि के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा कि संबंधित विज्ञापन एजेंसी को चेतावनी दी गई है। भविष्य में सरकार इसे लेकर बेहद सावधानी बरतेगी।
बंगाल विज्ञापन में देवी दुर्गा की 11 भुजाएं प्रदर्शित
मालूम हो कि यह विज्ञापन कोलकाता में विभिन्न दुर्गा पूजा कमेटियों के साथ सोमवार को हुई समन्वय बैठक के संबंध में जारी किया गया था। बैठक की अध्यक्षता स्वयं मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने की थी।
विज्ञापन में देवी दुर्गा की 10 के बजाय 11 भुजाएं दिखाई गई हैं। विज्ञापन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की तस्वीरें भी हैं।
मुख्यमंत्री ने त्रुटि पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी
ममतापंथी तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता व विधायक कुणाल घोष ने इंटरनेट मीडिया 'एक्स' पर मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए लिखा कि मां दुर्गा 2026 में किस शास्त्र के तहत 'दशभुजा' से 'एकादशभुजा' बन गईं।
बंगाल की सांस्कृतिक परंपराओं के साथ इस तरह की लापरवाही गहरी ठेस पहुंचाने वाली है। वहीं माकपा नेता शतरूप घोष ने तंज कसते हुए कहा कि बंगालियों पर मांसाहार का प्रतिबंध थोपने वालों से निपटने के लिए ही सरकार ने मां को एक अतिरिक्त हाथ दिया है।
