Prayagraj News: तालाब में नहाने गए 11 साल के किशोर की डूबने से मौत, घर में मचा कोहराम
लतीफपुर निवासी नितेश कुमार बिंद गुरुवार की दोपहर 1230 बजे गांव से लगभग 300 मीटर की दूरी पर स्थित वरुणा नदी के पास एक तालाब में अपने कई अन्य साथियों के साथ स्नान करने गया था। इस दौरान वह तालाब के गहरे पानी में चला गया।
प्रयागराज, संवाद सूत्र। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के लतीफपुर गांव में गुरुवार को वरुणा नदी के पास बने एक तालाब में स्नान करते समय गहरे पानी में डूब जाने से 11 वर्ष के नितेश कुमार की मौत हो गई। नितेश के पिता का नाम तेज बहादुर बिंद है। किशोर की मौत से घर में कोहराम मच या।
नहाते-नहाते गहरे पानी में चला गया किशोर
बताया जाता है कि लतीफपुर निवासी नितेश कुमार बिंद गुरुवार की दोपहर 12:30 बजे गांव से लगभग 300 मीटर की दूरी पर स्थित वरुणा नदी के पास एक तालाब में अपने कई अन्य साथियों के साथ स्नान करने गया था। इस दौरान वह तालाब के गहरे पानी में चला गया। अन्य साथियों ने काफी खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिला तो एक बच्चे ने घर जाकर इसकी जानकारी दी।
बच्चे की मौत से घर में कोहराम
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास पहुंचकर पानी में उसकी खोज कर उसे पानी से बाहर निकाला और तत्काल फूलपुर के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत से घर में कोहराम मच गया। नितेश चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। वाह पूर्व माध्यमिक विद्यालय लतीफपुर कक्षा 6 का छात्र था। असामयिक मृत्यु पर माता सीमा देवी समेत अन्य सभी परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। ग्राम प्रधान सीमा देवी ने पंचनामा कर लाश को अंतिम संस्कार के लिए स्वजनों को सौंप दिया है।