विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 29, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Share Market Today: शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी, जोमैटो-टाटा स्टील में बड़ा उछाल

By Agency Edited By: Suneel Kumar
Published: Wed, 29 Jan 2025 10:26 AM (IST)

शेयर बाजार के जानकारों का मानना है कि हालिया गिरावट के बाद कई दमदार स्टॉक अच्छे वैल्यूएशन पर मिल रहे ...और पढ़ें

रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 4 पैसे गिरकर 86.61 पर आ गया।
रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 4 पैसे गिरकर 86.61 पर आ गया।

पीटीआई, मुंबई। वैश्विक बाजारों में तेजी और आईटी शेयरों में खरीदारी के बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार के बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई बेंचमार्क सेंसेक्स 355.87 अंक बढ़कर 76,257.28 पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी 92.8 अंक बढ़कर 23,050.05 पर पहुंच गया। 30 शेयरों वाले ब्लू-चिप पैक में इन्फोसिस, जोमैटो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, टाटा स्टील, टाटा मोटर्स और कोटक महिंद्रा बैंक सबसे ज्यादा लाभ में रहे। हिंदुस्तान यूनिलीवर, नेस्ले, आईटीसी और एशियन पेंट्स में गिरावट दिखी।

एशियाई बाजारों में सियोल और टोक्यो सकारात्मक क्षेत्र में कारोबार कर रहे थे। शंघाई और हांगकांग के बाजार छुट्टियों के कारण बंद थे। मंगलवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। एक्सपर्ट का मानना है कि हालिया गिरावट के बाद कई दमदार स्टॉक अच्छे वैल्यूएशन पर मिल रहे हैं। इससे मार्केट में बढ़त देखने को मिल रही है। हालांकि, तेज उछाल की संभावना नहीं है, क्योंकि एफआईआई उच्च स्तरों पर बिकवाली करेंगे।

क्या है एक्सपर्ट की राय

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा, "बाजार बजट में सकारात्मक संकेतों का इंतजार कर रहा है। फेड के फैसले से बाजार पर असर पड़ने की संभावना नहीं है क्योंकि इस बैठक से नीति में कोई बदलाव की उम्मीद नहीं है।" शेयर बाजार के जानकारों का कहना है कि निवेशक तकनीकी संकेतकों पर बारीक नजर रख रहे हैं। इससे आने वाले कारोबारी सत्रों में इस बात पर और स्पष्टता मिलने की उम्मीद है कि क्या तेजी का रुख बरकरार रहेगा या मंदी का दबाव हावी हो जाएगा।

FII की बिकवाली

एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 4,920.69 करोड़ रुपये के इक्विटी बेचे थे। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.15 फीसदी की गिरावट के साथ 77.37 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। मेहता इक्विटीज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा, "अब ध्यान फेडरल रिजर्व के दर निर्णय और आगामी केंद्रीय बजट 2025 पर है, जहां खपत और विकास को बढ़ावा देने के उपायों की उम्मीद है।" मंगलवार को बीएसई बेंचमार्क सेंसेक्स 535.24 अंक या 0.71 फीसदी चढ़कर 75,901.41 पर बंद हुआ था।

रुपये का हाल

बुधवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 4 पैसे गिरकर 86.61 पर आ गया। विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि रुपये पर दबाव जारी है क्योंकि निवेशक अमेरिकी फेड की बैठक के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 86.58 पर खुला और फिर अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 86.61 पर आ गया। यह पिछले बंद भाव से 4 पैसे की गिरावट दर्शाता है।