महाराष्ट्र में भीषण सूखा, मुख्यमंत्री चले जापान दौरे पर
महाराष्ट्र में भीषण सूखा होने के बावजूद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मंगलवार से चार दिवसीय जापान दौरे पर जा रहे हैं। कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री से विदेश दौरा रद्द करने की मांग के बाद उन्होंने अपने 70 सदस्यीय शिष्ठमंडल को घटाकर 8 कर दिया है।
पुणे। महाराष्ट्र में भीषण सूखा होने के बावजूद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मंगलवार से चार दिवसीय जापान दौरे पर जा रहे हैं। कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री से विदेश दौरा रद्द करने की मांग के बाद उन्होंने अपने 70 सदस्यीय शिष्ठमंडल को घटाकर 8 कर दिया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से बयान जारी कर कहा है कि मुख्यमंत्री जापान दौरे के दौरान डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के पुतले का अनावरण करने के साथ ही राज्य में औद्योगिक-आर्थिक निवेश लाने का प्रयास करने वाले हैं।
महाराष्ट्र में अब तक सिर्फ 55 फीसदी बारिश हुई है। जिसकी वजह से राज्य के जलाशयों में महज 49 प्रतिशत पानी बचा है। राज्य सरकार के आंकड़ों पर विश्वास किया जाये, तो सूबे के1638 गांवों और 3082 कस्बों में 2130 टैंकर से पानी आपूर्ति की जा रही है। राज्य में खरीप की फसल की बोवाई का क्षेत्र लगभग 134.70 लाख हेक्टर है। सरकार का दावा है कि 130.63 हेक्टर क्षेत्रफल में अब तक बोवाई हुई है। इस तरह खरीप की फसल की बोवाई का औसत प्रतिशत 97 है।
राज्य सरकार के इस दावे के बावजूद ग्रामीण इलाकों की स्थिति बहुत ही गंभीर है। यही कारण है कि जब मुख्यमंत्री के जापान दौरे का विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राधाकृष्ण विखे पाटिल ने कड़ा विरोध करना शुरू किया, तो सरकार ने अपनी साख बचाने के लिए सोमवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में परभणी, अहमदनगर और सोलापुर जिले में जानवरों के लिए चार चारा डेपो शुरू करने का निर्णय लिया। राज्य सरकार का कहना है कि सूखाग्रस्त बीड, उस्मानाबाद और लातूर जिले में तालुकास्तर पर चारा डेपो पहले से ही शुरू है।
मुख्यमंत्री के जापान दौरे से महाराष्ट्र को क्या होगा फायदा
मुख्यमंत्री फडणवीस 8 सितंबर से चार दिवसीय जापान दौरे पर जा रहे हैं। ऐसे में प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस और राकांपा ने राज्य में पड़े सूखे के मद्देनजर सवाल पूछा है कि आखिर महाराष्ट्र को मुख्यमंत्री के इस विदेश दौरे से क्या फायदा होने वाला है? विपक्ष के इस सवाल का मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से बयान जारी कर कहा गया है कि फडणवीस 10 सितंबर को जापान के कोयासान यूनिवर्सिटी में बनाये गये डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के पुतले का अनावरण करने वाले हैं।