'अगर मुझे कुछ हुआ तो सास जिम्मेदार होगी', पुणे में बहू ने मैसेज भेजकर दी जान; पति गिरफ्तार
पुणे के मुकुंद नगर में 29 वर्षीय पायल जंबरे पाटिल ने छत से लटककर आत्महत्या कर ली, जिसके बाद पति अक्षय जंबरे पाटिल को गिरफ्तार किया गया है।
-1793680177392_m.webp)
सास से झगड़ा के बाद बहू ने की आत्महत्या (स्क्रीनग्रैब- सोशल मीडिया)
HighLights
पुणे में 29 वर्षीय बहू ने छत से लटककर आत्महत्या की।
मृतका ने सास को जिम्मेदार ठहराते हुए मैसेज भेजा था।
दहेज और बेटी के लिए प्रताड़ना का आरोप, पति गिरफ्तार।
डिजिटल डेस्क, पुणे। पुणे के मुकुंद नगर इलाके में एक कारोबारी परिवार की 29 वर्षीय बहू पायल जंबरे पाटिल ने छत के पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि इससे पहले उसका अपनी सास के साथ विवाद हुआ था।
जिसके बाद सोमवार सुबह उसने मैसेज भेजकर खुद को कुछ होने पर सास को जिम्मेदार ठहराया था। मृतका के मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वाले हर दीवाली पर 10 तोला सोने की मांग करते थे और बेटी पैदा होने पर भी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया था।
पुलिस ने उसके पति अक्षय जंबरे पाटिल को गिरफ्तार कर लिया और ससुराल पक्ष के चार सदस्यों के खिलाफ उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, मृतक पायल जंबरे पाटिल नौकरी छोड़ने से पहले एक आईटी पेशेवर थीं। उनकी शादी अक्षय जंबरे पाटिल से हुई थी। पायल की एक तीन साल की बेटी है।
क्या बोली पुलिस?
स्वारगेट पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक यशवंत निकम के अनुसार, पायल पुणे-सतारा रोड के पास मुकुंद नगर में अपने ससुराल वालों के साथ रहती थी। सोमवार सुबह उसने कथित तौर पर कुछ लोगों को संदेश भेजकर कहा कि अगर उसे कुछ हुआ तो उसकी सास जिम्मेदार होगी। पुलिस ने कहा कि पायल का रविवार को अपनी सास से झगड़ा हुआ और उसने अपना वैवाहिक घर छोड़ दिया।
सोमवार सुबह उसके परिवार और ससुराल वालों ने उसकी तलाश शुरू की। आखिरकार, वह अपने घर के पास एक अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स के दूसरे फ्लैट में छत के पंखे से लटकी हुई मिली।
पायल के मायके वालों ने दर्ज कराई शिकायत
पायल के चाचा ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उससे सोने की मांग करके उसे परेशान किया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि उसके ससुराल वाले हर दिवाली पर 10 तोला सोने की मांग करते थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस साल भी उन्होंने सोने की मांग की, लेकिन हमने उन्हें बताया कि हम किसान हैं और सूखे जैसे हालात को देखते हुए, हमारे लिए इस मांग को पूरा करना मुमकिन नहीं है। हमने अगले साल सोना देने का वादा भी किया था।
पायल के परिवार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 2022 में पायल की गर्भावस्था के दौरान, उसके पति और ससुराल वालों ने उसे लड़का पैदा करने का दबाव डालकर मानसिक रूप से परेशान किया था।
शिकायत के अनुसार, 30 मार्च 2023 को जब उसने एक बेटी को जन्म दिया, तो अस्पताल में उसके ससुराल वालों ने उससे बहस की और कहा कि वे न तो उसकी और न ही बच्चे की जिम्मेदारी लेंगे।
पायल की मौत के बाद, उसके मायके वालों ने कथित तौर पर उसके ससुराल वालों के घर, दफ्तर और मैरिज हॉल में तोड़फोड़ की, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।