पुणे में सड़क हादसा, आपस में टकराए 4 वाहन; टेम्पो में लदी लोहे की छड़ें कार के अंदर घुसीं
पुणे-सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कसुरदी फाटा के पास चार वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक टेम्पो से निकली लोहे की छड़ें कार के अंदर घुस गईं।

पुणे सोलापुर हाईवे पर हादसा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, पुणे। शनिवार को पुणे-सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दौंड तालुका के यवत पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत कसुरदी फाटा के पास चार वाहनों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुणे से सोलापुर की तरफ जा रही एक अर्टिगा कार के सामने अचानक एक अन्य वाहन आ गया, जिससे बचने के लिए अर्टिगा चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। अचानक ब्रेक लगने के कारण उसके पीछे आ रहे तीन अन्य वाहन अनियंत्रित होकर एक-दूसरे से जा भिड़े।
इस हादसे में सबसे पीछे लोहे की छड़ें लादकर जा रहा एक टेम्पो भी शामिल था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पो में लदी लोहे की छड़ें आगे चल रही कार के अंदर तक घुस गईं, जबकि कुछ छड़ें सड़क पर बिखर गईं।
गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी बड़े जान-माल के नुकसान की कोई आधिकारिक सूचना नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया।