विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीक्रेट कॉल, डिलीट चैट्स और कैब ड्राइवर... केतन हत्याकांड के अहम सुबूत, सिया-चेतन का खुला राज

Published: Mon, 29 Jun 2026 10:54 PM (GMT+05:30)

पुणे केतन अग्रवाल हत्याकांड में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जिसमें उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ...और पढ़ें

केतन हत्याकांड में सिया-चेतन का खुला राज।

केतन हत्याकांड में सिया-चेतन का खुला राज।

HighLights

  1. सिया ने केतन से एक करोड़ रुपये लेकर प्रेमी को दिए।

  2. लोहगढ़ किले पर केतन को धक्का देने का था गुप्त संकेत।

  3. सिया और चेतन की पुलिस हिरासत 3 जुलाई तक बढ़ी।

डिजिटल डेस्क,पुणे। पुणे के 26 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में जांच के दौरान कई नए और चौंकाने वाले दावे सामने आए हैं। केतन की मंगेतर सिया गोयल ने शादी की तैयारियों और खरीदारी के नाम पर उनसे करीब एक करोड़ रुपये लिए थे। आरोप है कि यह पूरी रकम उसने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी को दे दी, ताकि वह अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सके।

जांच एजेंसियों के अनुसार, 20 वर्षीय सिया गोयल और 22 वर्षीय चेतन चौधरी ने केतन की हत्या की साजिश काफी पहले रच ली थी। दोनों को 18 जून को लोहगढ़ किले की चट्टान से केतन को धक्का देकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद खुद पर शक न आए, इसके लिए दोनों ने शादी के लिए लंबी अवधि की रणनीति भी बनाई थी।

आर्थिक रूप से कमजोर था चेतन

सूत्रों के अनुसार, चेतन आर्थिक रूप से कमजोर था और उसने सिया से कहा था कि उसे आर्थिक रूप से सक्षम बनने में लगभग तीन वर्ष लगेंगे। इसी वजह से दोनों ने योजना बनाई कि केतन की मौत के बाद सिया कुछ वर्षों तक शादी नहीं करेगी। उनका मानना था कि समय बीतने के बाद मामला शांत हो जाएगा और तब वे विवाह कर सकेंगे।

जांच में हत्या की साजिश के तरीके को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, घटना से पहले दोनों ने एक विशेष संकेत तय किया था। योजना के तहत सिया को पानी पीने या जूते के फीते बांधने के बहाने नीचे झुकना था। यह संकेत मिलते ही चेतन केतन को चट्टान से धक्का देने वाला था। जांचकर्ताओं का कहना है कि इस संकेत का दूसरा उद्देश्य यह भी था कि धक्का दिए जाने के समय सिया सुरक्षित दूरी पर रहे और केतन गिरते समय उसे पकड़ न सके।

पुलिस को मिले काल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) भी जांच को मजबूती दे रहे हैं। घटना से लगभग 34 मिनट पहले सिया और चेतन के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। जांच एजेंसियों को संदेह है कि यह हत्या से पहले की अंतिम बातचीत थी, जिसमें योजना की पुष्टि की गई।

बाली जाने के लिए उत्साहित नहीं थी- कैब ड्राइवर

आईएएनएस के अनुसार, मामले में एक और महत्वपूर्ण जानकारी उस ड्राइवर के बयान से मिली है, जिसे केतन और सिया को बाली की प्री-वेडिंग ट्रिप के लिए मुंबई एयरपोर्ट छोड़ने के लिए बुक किया गया था।

ड्राइवर वैभव जाधव ने पुलिस को बताया कि सिया यात्रा को लेकर उत्साहित नहीं दिख रही थीं। उनके अनुसार, रास्ते में सिया और उसके भाई साहिल के बीच तीखी बहस भी हुई थी। बाद में केतन और उनके परिवार के अन्य सदस्य यात्रा में शामिल हुए, लेकिन मुंबई एयरपोर्ट पहुंचने पर केतन का पासपोर्ट नहीं मिलने के कारण बाली की यात्रा रद करनी पड़ी।

पुलिस फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अब तक सामने आए दावे जांच का हिस्सा हैं और इनकी पुष्टि कोर्ट में पेश किए जाने वाले साक्ष्यों के आधार पर होगी।

सिया और चेतन की पुलिस हिरासत तीन जुलाई तक बढ़ी

पीटीआई के अनुसार, पुणे जिले की वडगांव मावल की एक कोर्ट ने केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपित सिया गोयल और चेतन चौधरी की पुलिस हिरासत तीन जुलाई तक बढ़ा दी है। अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि मामले में अपराध स्थल की सटीक पहचान और केतन के गायब पासपोर्ट की बरामदगी सहित कुछ महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच बाकी है।

पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपित हत्या से पहले लोहागढ़ किले पर घटनास्थल की रेकी और रिहर्सल करने गए थे। वहीं, बचाव पक्ष ने सिया गोयल की गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए।

सिया के भाई का दावा, आशुतोष श्रीवास्तव परिवार के वकील नहीं

एएनआई के अनुसार, केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपित सिया गोयल के भाई साहिल गोयल ने दावा किया है कि उनके परिवार ने अधिवक्ता आशुतोष श्रीवास्तव को अपना पक्ष रखने के लिए न तो अधिकृत किया है और न ही नियुक्त किया है। साहिल ने कहा कि उन्हें आशुतोष श्रीवास्तव के दावों की कोई जानकारी नहीं है।

वहीं, आशुतोष श्रीवास्तव की जूनियर वकील प्रियंका बारडकर ने सुनवाई से पहले टिप्पणी करने से इनकार किया। दूसरी ओर, अधिवक्ता विपुल दुशिंग ने कहा कि उन्हें सिया के परिवार ने नियुक्त किया है और बचाव पक्ष अदालत में अपनी दलीलें पेश करेगा।

भारत में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं के लिए बेहतर कानूनः अमाल मलिक

एएनआई के अनुसार, सिंगर और म्यूजिक कंपोजर अमाल मलिक ने केतन अग्रवाल की मौत पर कड़ी प्रतिक्रिया दिया है। उनका कहना है कि अगर पहले ही मना कर दिया जाता, तो उनकी जान बच सकती थी। उन्होंने कहा कि भले ही भारत में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े कानून हैं, लेकिन उन कानूनों का गलत इस्तेमाल नहीं होना चाहिए।

अमाल मलिक ने सवाल उठाया कि अगर शादी को लेकर कोई आपत्ति थी, तो सगाई से पहले ही इसे क्यों नहीं रोका गया। अमाल ने एक्स पर एक पोस्ट लिखा, ‘उसे मारने के लिए उन्होंने जितनी मेहनत की, वह पागलपन है। न कहने के लिए तो बस इतना ही काफी था 'मेरा दिल किसी और के पास है और मैं किसी और आदमी से प्यार करती हूं।'