विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुणे पीजी में विवाद के बाद महिला इंजीनियर की पीटकर हत्या, प्रेमी गिरफ्तार; रातभर शव के पास बैठा रहा आरोपी

Published: Tue, 24 Nov 2026 06:22 PM (IST)

पुणे के हिंजेवाड़ी में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी 27 वर्षीय गर्लफ्रेंड की पीट-पीटकर हत्या कर दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुणे इंजीनियर हत्याकांड (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

पुणे इंजीनियर हत्याकांड (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. पुणे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने गर्लफ्रेंड की पीट-पीटकर हत्या की।

  2. दूसरी महिलाओं से बातचीत को लेकर हुए विवाद में हुई हत्या।

  3. आरोपी ने खुद पुलिस को घटना की जानकारी दी।

डिजिटल डेस्क, पुणे। पुणे के हिंजेवाड़ी के साखरे वस्ती इलाके से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एक 30 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर को अपनी 27 वर्षीय गर्लफ्रेंड की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार किया गया। मृतका भी एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच अक्सर दूसरी महिलाओं से बातचीत को लेकर झगड़ा होता था।

पुलिस ने बताया कि रविवार रात डिनर से लौटने के बाद दोनों के बीच किसी बात पर बहस शुरू हुई। आरोप है कि इसी विवाद में युवक ने युवती के साथ मारपीट की। डीसीपी (जोन-II) प्रदीप जाधव के अनुसार, रात करीब 3:30 बजे आरोपी ने युवती के चेहरे पर घूंसे मारे और उसका सिर दीवार से दे मारा।

आरोपी ने खुद दी पुलिस को सूचना

मामले में इंस्पेक्टर सिद्धाराम म्हात्रे ने बताया कि आरोपी रात भर शव के पास ही मौजूद रहा और अगली सुबह करीब 6 बजे इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी दोस्त बेहोश है और एंबुलेंस की जरूरत है। उधर, युवती की मां ने जब देखा कि वह फोन नहीं उठा रही है, तो उन्होंने चिंता जताते हुए सूस इलाके में रहने वाले युवती के चचेरे भाई को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

अस्पताल में मृत घोषित

इसके बाद जब पुलिस पीजी आवास में पहुंची, तो युवती अपने कमरे में बेहोश पड़ी मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने मारपीट की बात कबूल की है और बताया कि युवती इन चोटों को सह नहीं सकी और उसकी मौत हो गई।

गौरतलब है कि मृतका वर्धा और आरोपी हिंगोली का रहने वाला था। दोनों अलग-अलग बड़ी आईटी कंपनियों में काम करते थे और पास-पास की इमारतों में पीजी के रूप में रहते थे। पिंपरी-चिंचवड पुलिस के अनुसार, दोनों पिछले साढ़े तीन साल से रिश्ते में थे। इमारत के मालिक ने बताया कि मृतका करीब छह महीने पहले ही वहां रहने आई थी। उन्होंने कहा कि उन्हें इस हत्या की जानकारी सुबह पुलिस के आने के बाद ही मिली।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।