प्री-वेडिंग शूट, बाली और इंडोनेशिया का प्लान क्यों हुआ रद? केतन के पिता ने बताई अंदर की बात
केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में सामने आया है कि केतन को अपनी मंगेतर सिया गोयल के किसी और से संबंध होने का संदेह था।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, पुणे। पुणे के चर्चित रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में कई अहम तथ्य सामने आए हैं। हत्या से पहले केतन ने अपने परिवार के सामने कई बार अपनी मंगेतर सिया गोयल को लेकर संदेह जताया था। उन्होंने परिवार से यह भी पूछा था कि शादी तय करने से पहले सिया के बैकग्राउंड की पूरी तरह जांच-पड़ताल की गई थी या नहीं। केतन को यह आशंका भी थी कि सिया का किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध हो सकता है।
पुलिस के अनुसार, 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले पर केतन अग्रवाल की चट्टान से धक्का देकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपितों को अदालत ने तीन जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा है। केतन और सिया की शादी इसी वर्ष नवंबर में होनी थी।
केतन के पिता की शिकायत में कई दावे
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि केतन के पिता विशाल अग्रवाल द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में उल्लेख है कि उनके बेटे ने कई बार सिया और चेतन चौधरी की नजदीकियों को लेकर चिंता जताई थी। केतन का कहना था कि सिया अक्सर बातचीत के दौरान चेतन का जिक्र करती थी। इतना ही नहीं, जब भी वह सिया को फोन करते थे, कई बार उसका मोबाइल फोन व्यस्त मिलता था, जिससे उनके मन में संदेह और बढ़ गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि जून की शुरुआत में केतन और सिया की प्री-वेडिंग ट्रिप बाली, इंडोनेशिया जाने की योजना रद हो गई थी। पुलिस के अनुसार, छह जून को यात्रा रद होने के बाद केतन ने अपने पिता से कहा था कि सिया छोटी-छोटी बातों पर विवाद करती है। इस पर परिवार ने उन्हें समझाया कि कम उम्र के कारण उसका व्यवहार ऐसा हो सकता है और शादी से पहले उसे समझाया जाएगा।

केतन ने पूछा था सिया का पास्ट
पुलिस का दावा है कि 14 जून को भी सिया और केतन लोहागढ़ किले गए थे। उसी दिन सिया ने केतन को चट्टान से धक्का देने की कोशिश की थी। हालांकि, केतन एक झाड़ी पकड़कर खुद को बचाने में सफल रहे। लोहागढ़ से लौटने के बाद केतन ने एक बार फिर अपने पिता से पूछा था कि क्या सिया के बारे में पूरी जांच की गई थी। उन्होंने बताया कि सिया का फोन अक्सर व्यस्त रहता है और वह बातचीत में लगातार चेतन चौधरी का जिक्र करती है।
इसी आधार पर उन्होंने परिवार के सामने आशंका जताई थी कि सिया का किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध हो सकता है। हालांकि, परिवार ने उन्हें भरोसा दिलाया कि दोनों परिवार रिश्तेदारी से जुड़े हैं और रिश्ता विश्वसनीय माध्यम से तय हुआ है, इसलिए चिंता की कोई आवश्यकता नहीं है। केतन और सिया की फरवरी में पुणे के एक होटल में सगाई हुई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपितों के खिलाफ जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
