केतन हत्याकांड के बाद तेजी से बढ़ा 'डार्क टूरिज्म, लोहागढ़ किले का ‘सिया प्वाइंट’ देखने पहुंच रहे लोग
केतन अग्रवाल हत्याकांड के बाद लोनावला के लोहागढ़ किले पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जहां 'सिया प्वाइंट' पर डार्क टूरिज्म में 25% की बढ़ोतरी हुई है।

(जनगरण ग्राफिक्स)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र के प्रसिद्ध लोनावला स्थित ऐतिहासिक लोहागढ़ किले पर इन दिनों पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। हैरान करने वाली बात यह है कि सैलानी यहां किसी प्राकृतिक सौंदर्य को देखने नहीं, बल्कि हाल ही में हुए सनसनीखेज केतन 'अग्रवाल हत्याकांड' के उस खौफनाक मुहाने को देखने पहुंच रहे हैं, जहां से उसे नीचे धकेला गया था। इंटरनेट मीडिया पर लोग इस टीले को अब अनौपचारिक रूप से 'सिया प्वाइंट' कहने लगे हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस ‘डार्क टूरिज्म’ के चलते किले में पर्यटकों की संख्या में अचानक 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। बता दें कि पुणे के जाने-माने रियल एस्टेट कारोबारी के बेटे केतन अग्रवाल (26 वर्ष) की शादी आगामी नवंबर महीने में सिया गोयल (20 वर्ष) नाम की युवती से होने वाली थी।
लोहागढ़ किले से ढकेलकर की हत्या
केतन के परिवार ने इस भव्य शादी के लिए उदयपुर में एक आलीशान पैलेस भी बुक कर लिया था। कहा जा रहा है कि बीबीए की पढ़ाई कर रही सिया इस शादी से खुश नहीं थी। वह अपने प्रेमी चेतन चौधरी (22 वर्ष) के साथ रहना चाहती थी। केतन को रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने मिलकर खौफनाक साजिश रची और 18 जून को लोहागढ़ किले के एक टीले से केतन को ढकेलकर उसकी हत्या कर दी।
-1782822413177.jpg)
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या से ठीक एक दिन पहले यानी 17 जून को पुणे के कोंढवा इलाके के एक कैफे में इस मर्डर का पूरा ब्लूप्रिंट तैयार किया गया था। योजना के तहत 18 जून को सिया के जन्मदिन का जश्न मनाने के बहाने केतन को लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के लिए ले जाया गया।

कैसे रची हत्या की साजिश?
सिया का प्रेमी चेतन चौधरी भारी गर्मी (33 डिग्री तापमान) के बावजूद हुडी पहनकर और अपना मोबाइल पीछे छोड़कर गुप्त रूप से किले पर उनका पीछा कर रहा था ताकि पुलिस की नजरों और जीपीएस ट्रैकिंग से बच सके। जैसे ही वे किले के एकांत और खतरनाक विंचू काटा रिज के पास पहुंचे, सिया ने योजना के अनुसार 'जूते के फीते बांधने' के बहाने जमीन पर बैठने का नाटक किया।
यह इस बात का संकेत था कि केतन की पीठ खाई की तरफ है और सिया सुरक्षित दूरी पर है। इशारा पाते ही चेतन ने पीछे से आकर केतन को 400 फीट गहरी खाई में बेरहमी से धकेल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद सिया का नाटक
वारदात के तुरंत बाद सिया ने इसे सेल्फी लेते समय पैर फिसलने से हुआ हादसा बताकर रोने का नाटक किया और इंटरनेट मीडिया पर भावुक पोस्ट भी लिखे।
लेकिन लोनावला ग्रामीण पुलिस और पुणे ग्रामीण एसपी संदीप सिंह गिल की चौकस जांच, सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड्स (जिसमें दोनों आरोपियों के बीच 2,000 से अधिक कॉल होना सामने आया) ने इस झूठी कहानी की धज्जियां उड़ा दीं।
हाल ही में पुलिस द्वारा आरोपियों को साथ ले जाकर किए गए क्राइम सीन री-क्रिएशन के बाद से यह जगह चर्चा के केंद्र में है। इंटरनेट मीडिया पर लोग रील बनाने और इस 'डेथ स्पॉट' को देखने के लिए बेचैन दिख रहे हैं।
