शादी पक्की होने से पहले केतन को हो गया था सिया पर शक, फिर भी परिवार क्यों रहा चुप? Inside Story
पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया खुलासा हुआ है कि केतन को अपनी मंगेतर सिया गोयल और चेतन चौधरी के अफेयर पर शादी से पहले ही शक था।
-1782902558579_m.webp)
केतन को था सिया-चेतन के रिश्ते पर शक (जागरण)
HighLights
केतन को मंगेतर सिया और चेतन के रिश्ते पर शक था।
शादी से पहले परिवार से सिया का बैकग्राउंड चेक कराया।
नवंबर में होने वाली थी केतन और सिया की शादी।
डिजिटल डेस्क, पुणे। पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड मामले में जांच जारी है। केतन की हत्या का आरोप उसकी ही मंगेतर सिया गोयल और सिया के प्रेमी चेतन चौधरी पर लगा है।
इस मामले में एक नई बात सामने आ रही है कि केतन को सिया के साथ शादी पक्की होने से पहले ही शक था कि सिया और चेतन एक-दूसरे को पसंद करते हैं।
केतन को था सिया-चेतन के रिश्ते पर शक
जांच में पता चला है कि शादी पक्की होने से पहले ही केतन को सिया के अफेयर का शक था। उसने अपने परिवार से सिया के बारे में बैकग्राउंड चेक करने को कहा था।
पुलिस के मुताबिक, केतन के पिता ने अपनी शिकायत में बताया था कि उनका बेटा बार-बार सिया और चेतन चौधरी की नजदीकियों को लेकर चिंता जताता था।
केतन का कहना था कि सिया बातचीत में अक्सर चेतन के बारे में करती थी। केतन को शक था कि सिया का किसी के साथ अफेयर चल रहा है। इतना ही नहीं, जब भी वह सिया को फोन करते थे, कई बार उसका मोबाइल फोन व्यस्त मिलता था, जिससे उसके मन में शक और बढ़ गया।
परिवार ने उसे भरोसा दिलाया कि चिंता की कोई बात नहीं है क्योंकि सिया का परिवार उनके करीबी दोस्त हैं। इस पर परिवार ने उन्हें समझाया कि कम उम्र के कारण उसका व्यवहार ऐसा हो सकता है और शादी से पहले उसे समझाया जाएगा।
मौत से चार दिन पहले भी पिता से कही थी अफेयर वाली बात
पुलिस का दावा है कि 14 जून को भी सिया और केतन लोहागढ़ किले गए थे। उसी दिन सिया ने केतन को चट्टान से धक्का देने की कोशिश की थी। हालांकि, केतन एक झाड़ी पकड़कर खुद को बचाने में सफल रहे।
लोहगढ़ से लौटने के बाद केतन ने एक बार फिर अपने पिता से पूछा था कि क्या सिया के बारे में पूरी जांच की गई थी। उसने बताया कि सिया का फोन अक्सर व्यस्त रहता है और वह बातचीत में लगातार चेतन चौधरी का जिक्र करती है।
केतन ने परिवार के सामने कहा भी था कि सिया का किसी और के साथ संबंध हो सकता है। हालांकि, परिवार ने उन्हें भरोसा दिलाया कि दोनों परिवार रिश्तेदारी से जुड़े हैं और रिश्ता विश्वसनीय माध्यम से तय हुआ है, इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है।
इसके बाद फिर एक बार 18 जून को सिया और केतन लोहगढ़ किले पर गए, लेकिन उस दिन केतन अपने घर जिंदा नहीं लौट पाया।
नवंबर में होने वाली थी शादी
केतन और सिया की सगाई इसी साल फरवरी में हो गई थी और नवंबर में दोनों की ग्रैंड वेडिंग होने वाली थी। सिया और केतन की शादी अग्रवाल और गोयल परिवारों के एक कॉमन रिश्तेदार के जरिए तय हुई थी।
इस शादी से पहले ही केतन की लोहगढ़ किले से खाई में गिरने से मौत हो गई। पुलिस को शक है कि चेतन और सिया ने ही केतन को किले से धक्का दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस केतन हत्याकांड में लगातार सबूत जुटा रही है और सिया और केतन के परिवार वालों से भी पूछताछ कर रही है।
