सिया ने नहीं, चेतन ने केतन को दिया था धक्का, पुलिस ने रिक्रिएट किया क्राइम सीन
केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस ने लोहगढ़ किले में क्राइम सीन रिक्रिएट किया, जहां सिया और चेतन ने धक्का देने की बात कबूली।

HighLights
पुलिस ने लोहगढ़ किले में क्राइम सीन रिक्रिएट किया।
सिया और चेतन ने केतन को खाई में धकेला था।
हत्या से पहले गूगल पर तरीके सर्च किए गए थे।
डिजिटल डेस्क, पुणे। केतन अग्रवाल की हत्या की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। पुलिस रविवार सुबह दोनों आरोपितों सिया अग्रवाल और चेतन चौधरी को पुणे के पास स्थित लोहगढ़ किले में ले गई। वहां क्राइम सीन को रिक्रिएट किया गया।
पूछताछ और क्राइम सीन को रिक्रिएट करने पर पता चला है कि चेतन पीछे से आया और अचानक केतन को धक्का दे दिया। इससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह लगभग 300 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
डीएसपी लोनावला डिवीजन गजानन टोम्पे ने कहा कि केतन की मंगेतर सिया अग्रवाल के बताए अनुसार हमने लोहगढ़ किले में क्राइम सीन को रिक्रिएट किया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बताया गया है कि क्राइम सीन को रिक्रिएट करने के लिए पुलिस फाइबर से बनी एक डमी साथ ले गई थी। इस प्रक्रिया के दौरान सिया ने पुलिस को पूरी साजिश के बारे में बताया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, पूछताछ और घटनाक्रम को फिर से रिक्रिएट करने के दौरान केतन की मंगेतर सिया ने कुबूल किया कि उसने अपने साथी चेतन के साथ मिलकर उसे खत्म करने की साजिश रची।
साजिश के तहत सिया लोहगढ़ किले में एक ऊंची जगह पर गई और बैठकर अपने जूते के फीते बांधने का नाटक किया। जैसे ही वह फीते बांधने के बहाने नीचे झुकी, चेतन ने पीछे से केतन के पास आकर उसे धक्का दे दिया।
ऐसा इसलिए भी कि जिससे धक्का देते समय केतन सिया को न पकड़ सके और सिया सुरक्षित रहे।पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना को रिक्रिएट करने पर पता चला कि चेतन कथित तौर पर पीछे से आया और अचानक केतन को धक्का दे दिया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह लगभग 300 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
इससे केतन की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने क्राइम सीन को दोबारा दोहराने के दौरान सिया के कथित कुबूलनामे और पूरी घटना को रिक्रिएट करने की प्रक्रिया का वीडियो बनाया है।
आगे की जांच इसी आधार पर की जाएगी। इस बीच, जांच में यह भी पता चला है कि दोनों आरोपितों सिया और चेतन ने केतन अग्रवाल की हत्या करने के तरीकों के बारे में गूगल पर सर्च किया था।
विगत 18 जून को पुणे के पास लोहगढ़ किले से नीचे गिरने से केतन अग्रवाल की मौत हो गई थी। इसके बाद मामला दर्ज किया गया था। केतन की हत्या की जांच कर रही लोनावला ग्रामीण पुलिस को शक है कि मुख्य आरोपित सिया गोयल केतन से शादी नहीं करना चाहती थी।
केतन से शादी करने के लिए वह परिवार के दबाव में थी। केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके दोस्त चेतन चौधरी को 23 जून को गिरफ्तार किया गया था। आगे की जांच जारी रहने तक उन्हें 29 जून तक सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया था। घटना के बाद महाराष्ट्र सरकार ने फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने की मंज़ूरी दी और वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम को इस मामले में सरकारी वकील नियुक्त किया।
यह फैसला तब लिया गया, जब पीड़ित के पिता ने पुणे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर इस मामले में जल्द न्याय की अपील की। मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि आरोपितों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना वाले दिन उपयोग की गई चेतन की मोटरसाइकिल जब्त
एएनआइ के अनुसार, लोनावला ग्रामीण पुलिस ने आरोपित चेतन चौधरी की मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। चेतन ने कथित तौर पर पुणे से लोहगढ़ किले तक जाने के लिए इसी मोटरसाइिकल का उपयोग किया था।
इसके अतिरिक्त वह हुडी और हेडफोन भी बरामद किए गए हैं जिसे आरोपित ने घटना वाले दिन पहने थे। मोटरसाइकिल और कपड़ों की फोरेंसिक जांच की गई है। इससे पहले मुख्य आरोपित सिया गोयल के माता-पिता प्रवीण गोयल और पूजा गोयल से घंटों पूछताछ हो चुकी है।
(समाचार एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)
