अपराध शाखा का पुलिस निरीक्षक 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार
अपराध शाखा पुलिस विभाग के आर्थिक सेल के एक निरीक्षक उमेश सोपान मच्छिंद्र को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए भ्रष्टाचार निरोधक विभाग (एसीबी) ने गिरफ्तार किया।
नागपुर। अपराध शाखा पुलिस विभाग के आर्थिक सेल के एक निरीक्षक उमेश सोपान मच्छिंद्र को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए भ्रष्टाचार निरोधक विभाग (एसीबी) ने गिरफ्तार किया। इस गिरफ्तारी से अपराध शाखा पुलिस विभाग में खलबली मच गई।
बताया जाता है कि पुलिस निरीक्षक उमेश मच्छिंद्र ने बाम्बे उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ में धोखाधड़ी के एक मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के पूर्व जमानत के खिलाफ रिवीजन दाखिल न करने व अधिक अपराध दर्ज न करने के लिए पीड़ित से 5 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी, जिसमें 1 लाख 50 हजार रुपए ले चुके थे और 50 हजार रुपए लेते हुए बुधवार को एसीबी ने धरदबोचा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शिकायतकर्ता के खिलाफ चार पहिया वाहन खरीदी के नाम पर बैंक से 16 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला गणेशपेठ थाने में दर्ज किया गया था। इस मामले में बैंक ने अदालत की शरण में जाकर गुहार लगाई। उसके बाद यह मामला आर्थिक सेल के पास पहुंचा। इस मामले में शिकायतकर्ता (जो धोखाधड़ी प्रकरण में आरोपी है) ने गिरफ्तारी के पहले उक्त अदालत में अर्जी देकर जमानत ले ली।
उस सशर्त जमानत मिली थी कि इस मामले में वह आर्थिक सेल में सप्ताह में मंगलवार और गुरुवार को हाजिरी देने जाएंगे। मंगलवार को शिकायतकर्ता ने धोखाधड़ी प्रकरण के जांच अधिकारी अर्थात पुलिस निरीक्षक उमेश मच्छिंद्र से मुलाकात की। शिकायत कर्ता का आरोप है कि उमेश ने उससे कहा कि वह गिरफ्तारी के पूर्व जमानत के खिलाफ रिवीजन (पुनर्विचार याचिका)दाखिल न करने व अधिक अपराध दर्ज न करने के लिए 5,00,000 रुपए की मांग की। पुलिस निरीक्षक उमेश ने रिश्वत मांगी।
इस रकम में से उमेश को शिकायतकर्ता 1 लाख 50 हजार दे चुका था। उमेश ने उससे कहा कि उसने उसे 80 हजार रुपए ही दिया। शिकायतकर्ता परेशान होकर मान लिया कि उमेश जो कह रहे हैं, वही सही है। उमेश ने बाकी रकम की मांग की तो शिकायतकर्ता 50,000 रुपए देने की तैयारी दर्शाई। वह यह रकम देना नहीं चाहता था।
उसने उमेश के खिलाफ एसीबी के अधीक्षक संजय दराडे के पास शिकायत कर दी। उन्होंने मामले की छानबीन कर कार्रवाई का आदेश दिया। शिकायतकर्ता की बाच सच निकलने पर बुधवार को एसीबी ने जाल िबछाया और उमेश मच्छिंद्र को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। आरोपी उमेश के खिलाफ सदर थाने में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गुरुवार को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।