विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नागपुर: गडकरी का डायग्नोस्टिक सेंटर निशुल्क जांच की सुविधा के साथ पेश कर रहा जनसेवा का मॉडल

By Omprakash TiwariEdited By: Deepak Gupta
Published: Wed, 11 Nov 2026 04:55 PM (IST)

नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के भानुताई गडकरी मेमोरियल डायग्नोस्टिक सेंटर ने जरूरतमंदों को सस्ती और निशुल्क जांच सुविधा प्रदान की है।

भानुताई गडकरी मेमोरियल डायग्नोस्टिक सेंटर।

भानुताई गडकरी मेमोरियल डायग्नोस्टिक सेंटर।

HighLights

  1. नितिन गडकरी की पहल से नागपुर में बना डायग्नोस्टिक सेंटर।

  2. जरूरतमंदों को निशुल्क व सस्ती दरों पर जांच सुविधा उपलब्ध।

  3. 'नो प्रॉफिट-नो लॉस' मॉडल पर आधारित, अन्य के लिए प्रेरणा।

ओमप्रकाश तिवारी, नागपुर। नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की पहल से बना भानुताई गडकरी मेमोरियल डायग्नोस्टिक सेंटर जहां जरूरतमंद मरीजों के लिए निशुल्क व सस्ती दरों पर जांच की सुविधा देने वाला, वहीं जनप्रतिनिधियों के लिए अनुकरणीय मॉडल बनकर उभरा है।

27 जुलाई, 2025 को शुरू हुए इस केंद्र में नो प्रॉफिट-नो लॉस के आधार पर बेहद सस्ती दरों पर एमआरआई, सीटी स्कैन और सोनोग्राफी से लेकर दूसरी जरूरी जांचें उपलब्ध कराई जा रही हैं। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए कई महंगी जांचें निशुल्क भी की जाती हैं। इससे हजारों परिवारों को इलाज की राह में आने वाली आर्थिक बाधाओं से राहत मिली है। यह पहल साबित करती है कि इच्छाशक्ति हो तो जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को आम आदमी की पहुंच में ला सकते हैं।

नागपुर का यह प्रयोग देश के दूसरे जनप्रतिनिधियों, खासकर 543 लोकसभा सदस्य और 245 राज्यसभा सदस्यों के लिए तो एक प्रेरक और अनुकरणीय उदाहरण है।

सड़कें, एक्सप्रेस-वे और आधुनिक पुल बनाकर विकास की नई इबारत लिखने वाले केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपने गृह नगर नागपुर में स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी ऐसी ही दूरदर्शिता दिखाई है। उनकी पहल का मकसद साफ है कि किसी जरूरतमंद को सिर्फ इसलिए जरूरी जांच से वंचित न रहना पड़े कि उसके पास अस्पताल में खर्च करने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं हैं।

उनकी स्वर्गीय माता के नाम पर बनाया गया यह चार मंजिला केंद्र, इसी सोच का साकार रूप है। यहां आधुनिक मशीनों और विशेषज्ञ सुविधाओं के साथ जांच की दरें इस तरह तय की गई हैं कि आम परिवार भी अपनी जेब पर भारी बोझ डाले बिना बीमारी के बारे में पड़ताल करवा सके।

केंद्र की शुरुआत के पीछे भी आम लोगों की परेशानी को करीब से महसूस करने का अनुभव है। गडकरी के साथ वर्षों से जुड़े अतुल मंडलेकर बताते हैं कि सार्वजनिक जीवन में आने के बाद से गडकरी हृदय रोग के ऑपरेशन, किडनी ट्रांसप्लांट और लिवर ट्रांसप्लांट सहित गंभीर बीमारियों के उपचार में लाखों लोगों की मदद कर चुके हैं।

कोरोनाकाल में भी जरूरतमंदों की सहायता का सिलसिला जारी रहा। महामारी के बाद उन्होंने तीन विशेष वैन के माध्यम से बस्तियों में आंख और कान की जांच की व्यवस्था शुरू कराई। ये वैन लोगों की जांच करने के साथ जरूरतमंदों को निशुल्क चश्मे और श्रवण यंत्र भी उपलब्ध कराती हैं।

इस तरह हुई केंद्र की शुरुआत

अतुल मंडलेकर बताते हैं कि जब वैन क्षेत्र में जाती थीं और लोगों को जांच सुविधा उपलब्ध कराती थीं, तब यह महसूस हुआ कि आंख और कान की जांच के बाद भी लोगों को शरीर की दूसरी जरूरी जांचों के लिए महंगे अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। आर्थिक तंगी के कारण कई लोग जांच टाल देते हैं और बीमारी बढ़ने पर अस्पताल पहुंचते हैं।

इसी परेशानी को दूर करने के लिए एक ऐसे डायग्नोस्टिक सेंटर की परिकल्पना की गई, जहां अत्याधुनिक जांच सुविधाएं कम से कम कीमत पर मिल सकें। इस सोच को गडकरी की स्वर्गीय माता भानुताई गडकरी के नाम पर बने केंद्र के रूप में जमीन पर उतारा गया।

जरूरतमंदों का लगातार बढ़ रहा है भरोसा

उत्तर नागपुर के कमल चौक के पास स्थित इस केंद्र का संचालन शुरू होने के बाद से जरूरतमंदों का भरोसा लगातार बढ़ा है। यहां प्रतिदिन 50 से 55 एमआरआई, 30 से 35 सीटी स्कैन और 30 से 40 एक्सरे किए जाते हैं। पैथोलाजी में प्रतिदिन 50 से 60 मरीजों की 200 से 250 जांचें होती हैं। प्रति महीने लगभग 600 डायलिसिस भी निशुल्क किए जाते हैं।

केंद्र की दरें इसकी जनहितकारी सोच को सामने रखती हैं। यहां 300 रुपये में सोनोग्राफी, 600 रुपये में इकोकार्डियोग्राम, 800 रुपये में सीटी स्कैन, 100 रुपये में एक्सरे और 1200 रुपये में एमआरआई हो जाता है। जिस मरीज के पास इतनी रकम भी नहीं है, उसकी आर्थिक स्थिति देखते हुए एमआरआई जैसी महंगी जांच भी निशुल्क कर दी जाती है।

पांच और केंद्र खोलने की तैयारी

केंद्र की शुरुआत से जुड़े डॉ. संजीव चौधरी बताते हैं कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 27 जुलाई, 2025 को इसका उद्घाटन किया था। तब से अब तक 50 हजार से अधिक मरीज यहां अपनी जांच करा चुके हैं।

केंद्र की जिम्मेदारी संभाल रहे डॉ. मनीष केडिया के अनुसार, कम दरों पर जांच और दवाएं उपलब्ध कराने के बावजूद केंद्र छह महीने के भीतर अपने खर्च स्वयं निकालने की स्थिति में आ गया था। यानी जनसेवा और आर्थिक रूप से टिकाऊ व्यवस्था साथ-साथ चल सकती हैं। यह मॉडल इस धारणा को भी बदलता है कि सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए संस्थान को लगातार घाटा उठाना ही पड़ेगा।

इसका लाभ केवल नागपुर शहर तक सीमित नहीं है। चंद्रपुर, गढ़चिरौली, शहडोल और वरोरा जैसे दूरदराज के क्षेत्रों से भी मरीज यहां पहुंच रहे हैं। खासकर एमआरआई और डायलिसिस के लिए मरीजों को एक सप्ताह पहले तक बुकिंग करानी पड़ रही है। जरूरतमंदों की बढ़ती संख्या को देखते हुए गडकरी नागपुर के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे ही पांच और केंद्र खोलने की तैयारी कर चुके हैं।

दीपा रोशन ने बताया कि मेरा बेटा बोल नहीं पाता है। मैं उसे डाक्टर के पास लेकर गई तो उन्होंने एमआरआई कराने को कहा। इसके लिए छह हजार रुपये मांगे जा रहे थे। इतनी बड़ी रकम जुटाना मेरे लिए मुश्किल था। यहां आई तो मेरी स्थिति देखकर मेरे बच्चे का एमआरआई निशुल्क कर दिया गया। मेरे लिए यह बहुत बड़ी मदद थी।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।