दूसरी शादी, बंद मकान और अनसुनी कॉल... नागपुर में शिक्षक दंपती की मौत पर गहराया सस्पेंस
नागपुर के बेसा इलाके में एक शिक्षक दंपती अपने घर में मृत पाए गए, जो हाल ही में दीवाली मनाने गढ़चिरौली से लौटे थे।

नागपुर में फंदे से लटका मिला शिक्षक दंपत्ति का शव (तस्वीर- सोशल मीडिया)
HighLights
नागपुर में शिक्षक दंपती अपने घर में मृत पाए गए।
दीवाली मनाने के बाद गढ़चिरौली से लौटे थे दंपती।
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है, सुसाइड नोट नहीं मिला।
डिजिटल डेस्क, नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर से एक बेहद हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। नागपुर के बेसा इलाके में एक स्कूल शिक्षक दंपती अपने घर में मृत पाए गए। दोनों हाल ही में दीवाली मनाने के लिए गढ़चिरौली से नागपुर लौटे थे। इस घटना के बाद से इलाके में मातम और सनसनी फैल गई है।
बता दें कि मृतक दंपती की पहचान 38 वर्षीय मनीष प्रहलाद गाणवीर और उनकी 35 वर्षीय पत्नी सोनाली गाणवीर के रूप में हुई है। दोनों गढ़चिरौली जिले के सुरजागढ़ के एक स्कूल में शिक्षक के रूप में काम करते थे।
इसी साल अगस्त में हुई थी शादी
मिली जानकारी के अनुसार दोनों की इसी साल अगस्त में ही शादी हुई थी। यह दोनों की ही दूसरी शादी थी। इससे पहले दोनों के पिछले रिश्ते किसी वजह से ठीक नहीं रहे थे, जिसके बाद दोनों ने एक नई जिंदगी की शुरुआत की थी।
बेताड़ोदी पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले रेवती नगर स्थित उनके घर के बेडरूम में दोनों के शव छत के पंखे से लटके हुए मिले। दोनों ने अलग-अलग स्कार्फ का इस्तेमाल किया था।
ऐसे खुला राज- परिवार के फोन न उठाने पर चला पता
पुलिस ने बताया कि घटना से एक दिन पहले ही मनीष का परिवार बिहार के लिए निकला था, जिसके बाद घर में सिर्फ यह दंपती ही अकेले थे। जब परिवार वालों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, तो फोन नहीं उठा।
लगातार कोशिशों के बाद भी जब बात नहीं हुई, तो परिवार ने रविवार को एक रिश्तेदार को उनका हालचाल जानने के लिए घर भेजा। रिश्तेदार ने देखा कि घर बाहर से बंद था। किसी तरह वह पहली मंजिल पर पहुंचे और खिड़की से अंदर झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए दंपती फंदे से लटके हुए थे।
पड़ोसियों ने सुनी थी तीखी बहस
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे पड़ोसियों ने इस दंपती को आपस में बहुत जोर-जोर से बहस करते हुए सुना था। इसके बाद अचानक घर में पूरी तरह सन्नाटा छा गया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बेलतरोदी थाने के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब दोनों के मोबाइल फोन खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर इस खौफनाक कदम के पीछे की असल वजह क्या थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।