'सेवा कोई पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है' आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का नागपुर में बड़ा संदेश
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने नागपुर में कहा कि सेवा कोई पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।

सेवा नहीं है कोई पेशा, बल्कि समाज के प्रति है एक जिम्मेदारी- भागवत
HighLights
सेवा कोई पेशा नहीं, समाज के प्रति जिम्मेदारी है।
करुणा और संवेदनशीलता ही मानवता व समाज की बुनियाद है।
बिना किसी अपेक्षा के दूसरों की सेवा करनी चाहिए।
डिजिटल डेस्क, नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने शुक्रवार को कहा कि करुणा और संवेदनशीलता ही मानवता और समाज की बुनियाद है।
लोगों को बिना किसी अपेक्षा के दूसरों की सेवा करनी चाहिए। उन्होंने डा. संजय पैठणकर को ‘विदर्भ गौरव’ पुरस्कार प्रदान करने के बाद कहा कि सेवा कोई पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।
हम केवल अपनी आजीविका कमाने के लिए काम नहीं करते, बल्कि यह सुनिश्चित करने के लिए भी काम करते हैं कि दुनिया सुचारू रूप से चलती रहे। संवेदनशीलता के महत्व पर जोर देते हुए भागवत ने कहा कि किसी संकट में फंसे व्यक्ति की मदद करना, चाहे उससे हमारा कोई व्यक्तिगत संबंध हो या नहीं, मानवता की स्वाभाविक अभिव्यक्ति है।
भागवत ने कहा कि किसी व्यक्ति से हमारा कोई रिश्ता हो या न हो, यदि कहीं कोई दुखी है या तकलीफ में है तो हमें उसका दुख दूर करने के लिए अपनी ओर से जो भी संभव हो, करना चाहिए।
ऐसा करते समय हमें यह महसूस नहीं करना चाहिए कि हम कोई असाधारण काम कर रहे हैं। यही मानवता की असल पहचान है। उन्होंने कहा कि पुरस्कार लोगों को समाजसेवा के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से नहीं दिए जाते।
सम्मानित किए गए लोगों ने कभी किसी पुरस्कार या सम्मान की अपेक्षा से काम नहीं किया था। उन्होंने कहा कि पुरस्कार उनके काम का सम्मान करने और उन्हें इसे आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए दिए जाते हैं। ‘पुरस्कार’ शब्द का अर्थ भी किसी चीज को आगे बढ़ाना है।’ बताया कि इस शब्द का अर्थ पारितोषिक और प्रोत्साहन भी है।
सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।