'परंपरागत ज्ञान के आधार पर दुनिया को नया विकास मॉडल दे भारत', नागपुर में बोले मोहन भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा कि भारत को अपने पारंपरिक ज्ञान और आत्मनिर्भरता के आधार पर दुनिया को एक नया विकास मॉडल देना चाहिए।

परंपरागत ज्ञान के आधार पर दुनिया को नया विकास मॉडल दे भारत।
HighLights
भारत पारंपरिक ज्ञान से दुनिया को नया विकास मॉडल दे।
मनुष्य, पशु और प्रकृति के कल्याण में संतुलन महत्वपूर्ण है।
आत्मनिर्भरता और 'वन हेल्थ' अवधारणा पर भागवत ने जोर दिया।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा है कि भारत को अपने पारंपरिक ज्ञान, अनुभव और जीवन के समग्र दृष्टिकोण के आधार पर दुनिया के सामने विकास का एक नया मॉडल प्रस्तुत करना चाहिए।
आज दुनिया विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए भारत की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। ऐसे में भारत की जिम्मेदारी है कि वह अपनी परंपराओं और आत्मनिर्भरता की अवधारणा के आधार पर ऐसा विकास मॉडल दे, जिसमें मनुष्य के साथ पशुओं और प्रकृति के कल्याण को भी समान महत्व मिले।
भागवत गुरुवार को नागपुर जिले के रामटेक में दत्ता मेघे फाउंडेशन के पशु चिकित्सा एवं कृषि महाविद्यालय के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मनुष्य प्रकृति का स्वामी नहीं, बल्कि उसका एक हिस्सा है। इसलिए विकास की अवधारणा ऐसी होनी चाहिए, जिसमें मानव जीवन, पशु स्वास्थ्य और पर्यावरण के बीच संतुलन बना रहे। केवल अपने सुख और सुविधा के बारे में सोचने के बजाय हमें ऐसी जीवनशैली अपनानी होगी, जिसमें सभी के कल्याण का भाव समाहित हो।
संघ प्रमुख ने कहा कि आधुनिक दुनिया ने लंबे समय तक मनुष्य को प्रकृति का स्वामी माना और प्राकृतिक संसाधनों के असीमित दोहन को विकास का आधार समझा। लेकिन अब दुनिया को यह अहसास हो रहा है कि सभी जीव-जंतु और प्रकृति एक-दूसरे पर निर्भर हैं। पर्यावरण स्वस्थ नहीं होगा तो मनुष्य भी स्वस्थ नहीं रह सकता।
पशुओं में होने वाली बीमारियां मनुष्यों तक पहुंच सकती हैं। इसलिए मानव, पशु और पर्यावरण के स्वास्थ्य को एक साथ देखने की अवधारणा यानी 'वन हेल्थ' आज महत्वपूर्ण हो गई है। आधुनिक दुनिया में यह अवधारणा पिछले दो-तीन दशकों में लोकप्रिय हुई है, जबकि भारत की परंपरा में यह समग्र दृष्टिकोण पहले से मौजूद रहा है।
भागवत ने आत्मनिर्भरता को भी विकास की अनिवार्य शर्त बताया। उन्होंने कहा कि दूसरे पर निर्भर रहने वाला व्यक्ति या देश दबाव और शोषण का शिकार हो सकता है। आत्मनिर्भरता मनुष्य को स्वतंत्र बनाती है। भारत का विकास केवल अपने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उससे दुनिया का भी कल्याण होना चाहिए। उन्होंने सफलता और प्रसिद्धि मिलने पर अहंकार से बचने तथा समाज के पिछड़े और वंचित लोगों को याद रखने की भी सलाह दी।
देशी पशु नस्लों की उपेक्षा पर चिंता जताते हुए भागवत ने कहा कि भारत ने दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए विदेशी नस्लों को अपनाया, जबकि अपनी स्वदेशी नस्लों और पारंपरिक ज्ञान का पर्याप्त उपयोग नहीं किया। भारत से ले जाए गए मवेशियों ने विदेशों में बेहतर नस्लों के विकास में योगदान दिया, लेकिन अपने देश में उपलब्ध संसाधनों का पूरा लाभ नहीं उठाया जा सका।
उन्होंने उम्मीद जताई कि फाउंडेशन की यह नई पहल कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में भारत के विकास का सफल उदाहरण बनेगी और समृद्ध एवं शांतिपूर्ण विश्व के निर्माण में योगदान देगी।
इस अवसर पर उपस्थित मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जलवायु परिवर्तन का कृषि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। किसानों की उत्पादकता और समृद्धि बढ़ाने के लिए अनुसंधान, नवाचार और कुशल मानव संसाधन तैयार करने की आवश्यकता है।
वहीं,केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि विदर्भ में प्रतिदिन करीब एक करोड़ लीटर दूध का उत्पादन होता है, जबकि कोल्हापुर में यह आंकड़ा आठ करोड़ लीटर है। नागपुर में मदर डेयरी संयंत्र के विस्तार से विदर्भ के दुग्ध व्यवसाय को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कृषि एवं पशु चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना से कृषि विकास को नई दिशा मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।