शादी की सालगिरह मातम में बदली, एक ही परिवार की 3 महिलाओं की मौत
शादी की 50वीं सालगिरह की खुशी मातम में बदली। रिश्तेदारों की कार को टिप्पर ने उड़ा दिया। भीषण हादसा शनिवार की रात छत्तरपुर में हुआ। उद्यमी परिवार की तीन महिलाओं की मौत हो गई। दो मासूमों समेत चार से पांच लोग घायल हैं। हादसे से तनाव का माहौल बना रहा।
नागपुर। शादी की 50वीं सालगिरह की खुशी मातम में बदली। रिश्तेदारों की कार को टिप्पर ने उड़ा दिया। भीषण हादसा शनिवार की रात छत्तरपुर में हुआ। उद्यमी परिवार की तीन महिलाओं की मौत हो गई। दो मासूमों समेत चार से पांच लोग घायल हैं। हादसे से तनाव का माहौल बना रहा। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त व कलमना पुलिस घटनास्थल व मेयो अस्पताल पहुंची थी।
जा रहे थे फार्म हाउस
मृतकों में निर्मला देवी सुभाष लोढ़ा 50 वर्ष, शकुंतला देवी रमनलाल लोढ़ा 55 वर्ष और उषा देवी लक्ष्मीलाल लोढ़ा 55 वर्ष सभी छत्तीसगढ़ के धमतरी के निवासी थे। बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह ये लोग रिश्तेदार डॉ. हेमराज अशोक बरडिया की शादी की 50वीं सालगिरह में शामिल होने आए हुए थे। रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के दौरान लोढ़ा परिवार पार्टी में शामिल होने रामटेक मार्ग स्थित डॉ. बरडिया के छत्तरपुर फार्म हाउस में जा रहे थे, तभी फार्म हाउस के कुछ ही अंतराल पर छत्तरपुर उड़ानपुल पर विपरीत दिशा से आ रहे पीले रंग के टिप्पर ने कार को टक्कर मार दी।
कार पुल से नीचे गिरी
हादसे से कार पुल से नीचे गिर पड़ी। हादसे में लोढ़ा परिवार की उक्त तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों समेत अपेक्षा प्रसाद लोढ़ा, सृष्टि लोढ़ा, श्रेष्ठ 6 वर्ष, श्रेया 10 वर्ष, प्रशांत लोढ़ा आदि गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से श्रेया की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। इस बीच हादसे की खबर लगते ही जश्न का माहौल मातम में बदल गया। कई लोग घटनास्थल के लिए रवाना हुए। उनके पहुंचने तक घायल वाहन में ही फंसे हुए थे। कार चालक को वाहन काट कर बाहर निकाला गया। भीषण हादसे से मार्ग का यातायात भी बुरी तरह से प्रभावित रहा।