महाराष्ट्र में खेत में सोए मजदूरों पर झपटा तेंदुआ, कार ड्राइवर ने हॉर्न बजाकर बचाई जान; वीडियो वायरल
गोंदिया जिले में नवेगांवबांध नेशनल पार्क के पास खेत में सो रहे मजदूरों के करीब एक तेंदुआ आ गया। एक कार चालक ने हॉर्न बजाकर तेंदुए को भगाया।
HighLights
गोंदिया में खेत में सो रहे मजदूरों के पास आया तेंदुआ।
कार चालक ने हॉर्न बजाकर तेंदुए को भगाया, जान बची।
वन विभाग ने जंगली जानवरों से सावधानी बरतने की अपील की।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में नवेगांवबांध नेशनल पार्क के पास एक तेंदुआ खेत में सोए कुछ मजदूरों के पास घूम रहा था।
तभी वहां से गुजर रहे एक गाड़ी चालक ने लगातार हॉर्न बजाया। जिससे तेंदुआ चौंक गया और वहां से भाग गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
खेत में सोए मजदूरों पर किया हमला
गोंदिया जिले में अभी धान की कटाई और मड़ाई का मौसम चल रहा है, जिसके चलते खेती के कामों में मदद के लिए दूसरे राज्यों से मजदूर यहां आए हुए हैं।
मजदूरों का यह समूह पंजाब से धान निकालने वाली मशीनों के साथ आया था और नवेगांवबांध नेशनल पार्क इलाके में वन विभाग की कॉलोनी के पास अपना डेरा जमाया था। दिन भर काम करने के बाद मजदूर रात का खाना खाकर खुले में सो रहे थे तभी वहां तेंदुआ आ गया।
कार चालक के कारण बची मजदूरों की जान
गाड़ी चालक मनीष नेवारे ने जानकारी देते हुए बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ गाड़ी से कहीं जा रहे थे, तभी उन्होंने उस तेंदुए को घूमते हुए देखा।
खतरा भांपते हुए उन्होंने लगातार गाड़ी का हॉर्न बजाया और अपनी गाड़ी से तेंदुए का पीछा किया। जब नेवारे अपनी गाड़ी से तेंदुए का पीछा कर रहे थे, तो उनकी गाड़ी की हेडलाइट की रोशनी में तेंदुए के शरीर पर बने धब्बे साफ दिखाई दे रहे थे। नेवारे ने बताया कि गाड़ी के हॉर्न से तेंदुआ चौंक गया और वहां से भाग गया जिससे मजदूरों की जान बच गई।
वन विभाग ने मजदूरों से सावधानी की अपील की
इस घटना ने जंगल के पास खुले में डेरा डाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है, खासकर रात के समय जब जंगली जानवर आस-पास के इलाकों में घूम सकते हैं।
वन विभाग के कर्मचारियों ने जंगल में रहने वाले लोगों को सलाह दी है कि वे अंधेरा होने के बाद विशेष सावधानी बरतें। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच भी नवेगांवबांध नेशनल पार्क और उसके आसपास जंगली जानवरों की आवाजाही को लेकर चिंता पैदा हो गई है।
