विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 22, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बीएमसी चुनाव को लेकर उद्धव ठाकरे ने भरी हुंकार, कहा- सरकार कोई भी हथकंडा अपना ले हरा नहीं पाएंगे

By Amit SinghEdited By:
Published: Thu, 22 Sep 2022 04:30 AM (IST)

बीएमसी चुनाव को लेकर उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने भाजपा पर मुंबई को बेचने का आरोप ...और पढ़ें

उद्धव ठाकरे ने बीएमसी चुनाव को लेकर भरी हुंकार
उद्धव ठाकरे ने बीएमसी चुनाव को लेकर भरी हुंकार

मुंबई, जेएनएन: बृहनमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव को लेकर शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने भाजपा पर मुंबई को बेचने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जो चाहें हथकंडा अपना लें, लेकिन वह इस स्थानीय निकाय में सत्तारूढ़ उनकी पार्टी को किसी कीमत पर हरा नहीं पाएंगे।

बुधवार को गोरेगांव में पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा और शिवसेना के बागियों से अगले एक महीने में बीएमसी और विधानसभा चुनाव कराने को कहा ताकि यह पता चल सके कि शहर के मतदाता किसे पसंद करते हैं। बता दें कि इस महीने की शुरुआत में अमित शाह ने मुंबई नगर निगम चुनाव का बिगुल बजाते हुए कहा था कि अब उद्धव को उनकी जगह दिखाने का समय आ गया है। उन्हें हार के रूप में गहरा घाव देने की जरूरत है।

उद्धव ने भाजपा पर समुदाय और धर्म के आधार पर लोगों को बांटने का आरोप लगाया। उद्धव ने कहा कि लेकिन यहां उनकी यह कोशिश नाकाम रहेगी। उन्होंने कहा कि सभी समुदाय और धर्म के लोग, विशेष रूप से मुसलमान हमारे साथ हैं। ठाकरे ने दावा किया कि भाजपा गिद्धों की तरह व्यवहार करती है। ये गिद्ध शहर में घूम रहे हैं। वे शहर को निगलना चाहते हैं। यह नई बात नहीं है, यह वर्षों से हो रहा है। हमें सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मुंबई को महाराष्ट्र के साथ रखने के लिए कई शहीदों ने अपनी जान दी है।

ठाकरे ने कहा कि कई शाहों ने इस देश पर हमला किया है। उसी परिवार में से एक ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को शिवसेना के खिलाफ मैदान में उतरने को कहा है। लेकिन वह नहीं जानते कि यहां की घास भी तलवार की तरह है। यदि तुम हमारे पास चलते हुए आओगे तो हम तुम्हें आकाश में भेज देंगे। ठाकरे ने सीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना के विद्रोही गुट के बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहा लेकिन उन्होंने इस गुट का 'मिधे समूह' (परजीवी) के रूप में उल्लेख किया।

शिंदे ने दिल्ली में उद्धव पर साधा निशाना

प्रेट्र के अनुसार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा और खुद को बाला साहेब ठाकरे के आदर्शों पर चलने वाला असली पथ प्रदर्शक बताया। शिंदे वर्तमान में अपने कुछ कैबिनेट सहयोगियों के साथ दिल्ली में हैं। उन्होंने कहा कि उनके गुट को विश्वासघाती के तौर पर प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि उनका गुट ही बाला साहेब का असली वारिश है।