'परिसीमन विधेयक वोट चुराने की कोशिश', उद्धव ठाकरे का केंद्र पर बड़ा हमला
उद्धव ठाकरे ने परिसीमन विधेयक को वोट चुराने का प्रयास बताया, आरोप लगाया कि यह भाजपा को लाभ पहुंचाने के लिए है।
-1795973146261_m.webp)
उद्धव ठाकरे ने परिसीमन विधेयक को वोट चुराने का प्रयास बताया (उद्धव ठाकरे, फाइल फोटो)
HighLights
परिसीमन विधेयक को वोट चुराने का प्रयास बताया उद्धव ठाकरे ने।
मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति पर भी ठाकरे ने आपत्ति जताई।
महिला आरक्षण पर भाजपा को गुमराह करने का आरोप लगाया ठाकरे ने।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को आरोप लगाया कि परिसीमन विधेयक वोट चुराने का प्रयास है और इसके तहत निर्वाचन क्षेत्र केवल भाजपा को लाभ पहुंचाने के हिसाब से बनाए जाएंगे। यहां एक संवाददाता सम्मेलन में ठाकरे ने मुख्य चुनाव आयुक्त को परिसीमन आयोग का सदस्य नियुक्त करने पर भी आपत्ति जताई।
विपक्ष मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग कर रहा है। शरद पवार की पार्टी राकांपा (शप) के विधेयक को समर्थन पर ठाकरे ने कहा, 'आप दो नावों पर सवार नहीं हो सकते।'
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह पवार को मनाने के लिए मुलाकात करेंगे तो उन्होंने कहा कि उनके बेटे और पार्टी नेता आदित्य ठाकरे इस संबंध में पवार से मिलेंगे।
ठाकरे ने कहा, 'परिसीमन वोट चुराने की कोशिश है। मैं विधेयक का समर्थन कर सकता था, लेकिन मैंने अपनी पार्टी के हितों से ऊपर महाराष्ट्र और देश के हितों को रखा।'
उन्होंने द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन को भी सलाह दी कि वे अपने रुख पर पुनर्विचार करें। ठाकरे ने कहा कि स्टालिन तमिलनाडु के साथ विश्वासघात कर रहे हैं। केंद्र सरकार 30 नवंबर यानी सोमवार को लोकसभा में नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने वाली है, जिसमें महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण का प्रस्ताव है।
ठाकरे ने भाजपा पर महिलाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि 33 प्रतिशत आरक्षण मौजूदा 543 सीटों के भीतर लागू होना चाहिए। उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) के सभी सांसदों को पार्टी व्हिप का पालन करने का निर्देश दिया।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)