नौसेना की दो गस्ती नौकाएं डूबीं
भारतीय नौसेना की दो गस्ती नौकाएं मंगलवार को तड़के आग लगने के बाद डूब गईं। दोनों नौकाओं को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
मुंबई, राज्य ब्यूरो। भारतीय नौसेना की दो गस्ती नौकाएं मंगलवार को तड़के आग लगने के बाद डूब गईं। दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दोनों नौकाओं को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
नौसेना की पश्चिमी कमांड के प्रवक्ता राहुल सिन्हा के अनुसार रात करीब दो बजे मुंबई हार्बर में खड़ी दो गस्ती नौकाओं में से एक में आग भड़क उठी। तुरंत आग बुझाने की कोशिश शुरू हो गई। लेकिन उस समय चल रही तेज हवाओं के चलते आग पास ही खड़ी दूसरी नौका ने भी पकड़ ली। फाइबर की बनी इन छोटी नौकाओं में जल्दी ही पानी भी भरने लगा और सुबह आठ बजे तक दोनों नौकाएं पानी में डूब गईं। सिन्हा के अनुसार जहां ये नौकाएं डूबी हैं, वहां पानी गहरा नहीं है। दोनों नौकाओं को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। निकाले जाने के बाद ही पता चल सकेगा कि इन नौकाओं को दुबारा उपयोग के लायक बनाया जा सकेगा, या नहीं। घटना की जांच के लिए एक बोर्ड ऑफ इन्क्वायरी का गठन कर दिया गया है।
सिन्हा के अनुसार नौकाएं आकार में बहुत छोटी थीं। इनका उपयोग मुंबई हार्बर एवं उसके आसपास की गस्त के लिए किया जाता था। इन्हें त्वरित सहायता नौका (आईएसवी) के नाम से जाना जाता था। इन नौकाओं का उपयोग किसी दुर्घटना की स्थिति में खोज एवं बचाव के लिए भी किया जाता है। दोनों नौकाओं पर से नाविक दल के 20 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।